निराकरण करने की मांग: नल में गंदा पानी आने से उज्जैन रोडवासी परेशान बार-बार फूट जाती है पुरानी पाइप लाइन

निराकरण करने की मांग: नल में गंदा पानी आने से उज्जैन रोडवासी परेशान बार-बार फूट जाती है पुरानी पाइप लाइन


Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

शाजापुर29 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

उज्जैन रोड पर मार्केटिंग पेट्रोल पंप के सामने रहने वाले लोग नलों में गंदा व मटमैला पानी आने से परेशान हैं। इन लोगों की परेशानी बारिश व मावठा गिरने के समय और बढ़ जाती हैं। कहने को तो नपा ने यहां नई पाइप लाइन डाल रखी हैं, लेकिन उससे कनेक्शन नहीं दिए। मजबूरी में लोग पुरानी पाइप लाइन से कनेक्शन करवाकर पानी ले रहे हैं। पुरानी लाइन कई जगह से फुट चुकी हैं। इस कारण बार-बार समस्या आती हैं। पेट्रोल पंप के सामने रहने वाले महेश माली, राजू तंवर, कमलेश जैन, जाकिर खान, आशीष भावसार, वनराज सिंह ने बताया तीन दिन पहले क्षेत्र में मावठा गिरा था। तब से हमारे यहां नलों में गंदा पानी आ रहा हैं। महेश माली ने यह भी कहा कि हमें ज्यादा समस्या बारिश के दिनों में होती हैं, क्योंकि बारिश के दौरान नलों में अक्सर गंदा पानी आता हैं। यहां जो पुरानी पाइप लाइन हैं वह जगह-जगह से फुट चुकी हैं, अक्सर पानी बहता रहता हैं। पाइप लाइन फुटी होने के कारण उसमें मिट्टी व कचरा आता हैं जो सप्लाय के दौरान हमें मिलता हैं। इन लोगों ने गुरुवार को नलों में आया गंदा पानी बताते हुए कहा कि इस पानी का उपयोग पीने में नहीं किया जा सकता। मजबूरी में निजी खर्च से टैंकर बुलवाकर पीने के पानी की व्यवस्था करवानी पड़ती हैं। इन लोगों का यह भी कहना था कि नपा ने यहां नई पाइप लाइन भी डाल रखी हैं, लेकिन उससे कनेक्शन नहीं दिए जा रहे। जिससे हमारी समस्या का समाधान नहीं हो रहा।

पुरानी तथा नई पाइप लाइन से 150 से अधिक अवैध कनेक्शन

सूत्रों की माने तो उज्जैन रोड पर जो पुरानी पाइप लाइन हैं उससे तथा नई पाइप लाइन से 150 से अधिक लोगों ने बिना अनुमति के अवैध कनेक्शन करवा रखे हैं। इन अवैध कनेक्शनों के कारण भी लाइन बार-बार फूटती हैं। कुछ लोगों का यह भी कहना था कि अवैध तरीके से लोगों द्वारा नल कनेक्शन कर लेने के बाद नपा नई लाइन से कनेक्शन नहीं दे रही हैं। अवैध कनेक्शन करने वालों की सजा शुल्क जमा करके नया कनेक्शन करवाने वालों को भुगतना पड़ रही हैं। तात्कालीन नपा अधिकारियों ने अवैध कनेक्शनों को न तो रोकने का प्रयास किया न ऐसे लोगों पर कोई कार्रवाई की। मामले में जब नपा के जल कार्य शाखा प्रभारी चंद्रशेखर वर्मा से बात की गई तो उन्होंने ने कहा गुरुवार को क्षेत्र का वॉल खराब हो गया था। हो सकता हैं इस कारण लोगों को कुछ समय के लिए गंदा पानी मिला होगा।



Source link