- Hindi News
- Local
- Mp
- Indore
- Indore Mayor: Congress MLA Sanjay Shukla Dharna Protest Against Narendra Modi Govt Over Petrol Dielsp Price Hike
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौरएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
विधायक संजय शुक्ला का नाम कांग्रेस की ओर से महापौर प्रत्याशी के लिए सबसे आगे है।
पेट्रोल-डीजल और गैस के दामों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को मोदी सरकार पर हल्ला बोला। हालांकि इसके पीछे आगामी नगर निकाय चुनाव की भी झलक देखने को मिली। जो कांग्रेसी अब तक अलग-अलग नजर आते रहे हैं। इस बार ज्यादातर एक मंच पर और एक सुर में मोदी सरकार के खिलाफ बोलते नजर आए। हर कैमरा उपवास पर यहां बैठे एक ही व्यक्ति पर टिक रहा था। ये थे विधायक संजय शुक्ला। शुक्ला का नाम महापौर प्रत्याशी के लिए कांग्रेस की लिस्ट में सबसे आगे है। उन्होंने तो धरना स्थल पर ही महापौर बनने के बाद की अपनी और कांग्रेस की प्लानिंग तक बता दी।
धरने पर बैठे शुक्ला ने महापौर चुनाव को लेकर कहा कि हम कांग्रेस के छोटे कार्यकर्ता हैं। पार्षद का टिकट दिया, विधायक का टिकट दिया, सभी पर खरा उतरा हूं। कांग्रेस जो भी काम देगी, उसमें खरा उतरूंगा। महापौर का टिकट मिलता है, तो 20 साल बाद शहर में कांग्रेस का मेयर बनेगा। परिषद भी कांग्रेस की बनेगी।
शुक्ला ने कहा – चार बार से यहां भाजपा का मेयर है। इसके अलावा प्रदेश और केंद्र में भी इनकी ही सरकार है। इसके बाद भी शहर में जो विकास होना चाहिए, वह विकास नहीं हुआ। फ्लाय ओवर बनने चाहिए, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की जरूरत है, सफाई में और काम करने की जरूरत है। इंदौर शहर में ऐसी रोड बननी चाहिए, जो प्रदेश, देश के लिए आदर्श हो। इसके लिए मास्टर प्लान बनना चाहिए। आज हालत यह है कि इंदौर में पहले सड़क बनती है, फिर खुदती है। इसके बाद नर्मदा लाइन डलती है। पूरे शहर को उजाड़ रखा है।
शुक्ला ने बताया यदि महापौर बने, तो क्या होगी प्लानिंग
उन्होंने कहा – हम सबसे पहले शहर के लिए अच्छा मास्टर प्लान बनवाएंगे, जिससे जनता और सरकार का पैसा सही जगह पर इस्तेमाल हो सके। इन्होंने जो फ्लाय ओवर नहीं बनवाया, उसे बनवाएंगे। स्वच्छता में नंबर वन शहर का तमगा तो हम कायम रखेंगे ही, साथ ही शहर को और बेहतर करने की दिशा में काम करेंगे। सफाई में नंबर वन भाजपा के कारण नहीं कर्मचारियों के कारण बने हैं। ये लोग पूरे सालभर दिन-राज मेहनत करते हैं। हम इनके लिए अलग से एक अस्पताल बनवाएंगे।

शुक्ला भाेपाल से आकर सीधे धरना स्थल रीगल पहुंचे।
पहले बाइक के लिए लोन लेते थे, अब पेट्रोल के लिए लेना पड़ेगा
शुक्ला ने कहा – केंद्र की भाजपा सरकार को सत्ता में रहते 7 साल हो गए। जब हमारी सरकार थी, जब पेट्रोल के दाम 65 रुपए हुआ करते थे। अब यह 100 के करीब पहुंचे लगा है। इन्हें देश की नहीं, सिर्फ अपनी और सत्ता की चिंता है। रही बात गैस टंकी की, तो यह अब 1000 रुपए पहुंचने लगी है। लोग गैस पर खाना नहीं बना पा रहे। लगता है, जंगलराज फिर से आने वाला है। जंगल की लकड़ियां फिर से कटने वाली हैं। अब लग रहा है, पेट्रोल के लिए भी लोगों को लोन लेना पड़ेगा। पहले तो गाड़ी के लिए लोन लिया करते थे।
किसान और आम जनता खुद अपनी लड़ाई लड़ रही
आम जनता और किसान खुद अपनी लड़ाई लड़ रहा है। कांग्रेस को तो वह कह रहा है कि आप साइड में रहिए। यह हमारी लड़ाई है। कांग्रेस इसे मुद्दा नहीं बना रही है, लेकिन भाजपा चाहती है, यह मुद्दा बने। लाखों किसानों ने दिल्ली को घेर रखा है। इसका मतलब है, कहीं ना कहीं, कुछ तो गलत है। किसान आज रोड पर आ गया है। हम चाहते हैं कि किसानों का समर्थन करें। इसमें संशोधन होना चाहिए।