नगरीय निकाय चुनाव: रैली में एकजुटता के साथ दिखे थे, 3 दिन बाद पर्यवेक्षक से दो गुटों में मिले कांग्रेसी

नगरीय निकाय चुनाव: रैली में एकजुटता के साथ दिखे थे, 3 दिन बाद पर्यवेक्षक से दो गुटों में मिले कांग्रेसी


Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

खरगोन14 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
  • पर्यवेक्षक कुलदीप इंदौरा के सामने 5 निकायों में अध्यक्ष के 30 और पार्षद के 325 से ज्यादा लोगों ने की दावेदारी

कृषि कानून व महंगाई के विरोध में तीन दिन पहले शहर में एकजुटता के साथ कांग्रेस की रैली के तीन दिन बाद मंगलवार को नगरीय निकाय चुनाव की रायशुमारी में कार्यकर्ता-पदाधिकारी दो गुटों में पर्यवेक्षक व राष्ट्रीय सचिव कुलदीप इंदौरा से मिले। एक जगह जिलाध्यक्ष व विधायक झूमा सोलंकी, विधायक रवि जोशी, डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ व सचिन बिरला ने अगुवाई की। जबकि सर्किट हाउस में पूर्व विधायक परसराम डंडीर ने नेतृत्व किया। दोनों जगह अध्यक्ष व पार्षद के उम्मीदवारों ने बायोडाटा देकर चुनाव जीतने का दावा किया। बंद कमरे में बारी-बारी से दावेदारों ने बायोडाटा व परिचय दिया। दोनों जगह पार्षदों के चुनाव के लिए 325 लोगों से ज्यादा ने दावा किया। खरगोन, करही, बड़वाह, मंडलेश्वर, सनावद, बिस्टान निकाय अध्यक्ष के लिए 30 से ज्यादा ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। रायशुमारी से पहले पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान डॉ. गोविंद मुजाल्दा, नीमा गौर, रवि नाईक, पूर्णा ठाकुर, पुष्कर राजसिंह चौहान, प्रतीक पंवार, विजय कोचले आदि मौजूद थे। यहां पर्यवेक्षक ने कहा मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। हर पार्टी में गुटबाजी होती है। चुनाव में एकजुटता के साथ उम्मीदवारों को जिताना जरूरी है। आपस में मत लड़ो, भाजपा से लड़ो। यह शुरूआती रायशुमारी है। सर्वे के आधार पर ही उम्मीदवार का चयन होगा।

हिदायत: आपस में लड़ने की बजाय भाजपा से लड़ो, सर्वे के आधार पर मिलेगा टिकट

जमीनी कार्यकर्ताओं को मिलेगा टिकट :पर्यवेक्षक
पर्यवेक्षक ने कहा पार्टी के प्रति समर्पित जीताऊ व टिकाऊ उम्मीदवार को ही टिकट मिलेगा। मेरा-मेरा नहीं चलेगा। धरातल पर काम करने वालों को ही टिकट मिलेगा। लोगों से मिलनसारता के साथ वार्ड व शहर के लोग पसंद करते हो। ऐसे लोगों को ही टिकट मिलेगा। आगे प्रभारी आएंगे। वह तीन से चार दौर की चर्चा करने व सर्वे के आधार पर टिकट देंगे।

जिले के निकायों में ऐसे रही दावेदारों की फेहरिश्त

खरगोन में पार्षद के 200 व अध्यक्ष के 10 से ज्यादा। बड़वाह व सनावद में पार्षद के 30 से ज्यादा आवेदन आए। बड़वाह में अध्यक्ष के लिए 6, सनावद में 4 दावेदार। मंडलेश्वर में पार्षद उपचुनाव के लिए 40 आवेदन। करही में पार्षद के 25 व अध्यक्ष के 5 आवेदन मिले हैं। बिस्टान में पार्षद के 30 व अध्यक्ष के लिए 4 आवेदन मिले।

पैराशूट उम्मीदवार नहीं होना चाहिए :कार्यकर्ता
वार्ड से लेकर नपा व नगर परिषद अध्यक्ष के लिए कार्यकर्ताओं ने पर्यवेक्षक से कहा कि पैराशूट से उम्मीदवार नहीं होना चाहिए। क्योंकि जो पांच साल पार्टी के लिए मेहनत करता है। उसकी जगह कोई बाहरी या अन्य तरह के उम्मीदवार को टिकट दिया जाता है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता है। उत्साह खत्म हो जाता है।

अफवाह है, मैं कहीं नहीं जा रहा : बड़वाह विधायक
20 दिन से भाजपा में जाने की चर्चा के बीच बड़वाह विधायक सचिन बिरला भी पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं से िमले। कार्यकर्ता विधायक से ऐसे मिल रहे थे, जैसे कई दिनों के बाद मिले हो। बिरला ने पर्यवेक्षक के साथ सभी विधायकों के साथ बंद कमरे में चर्चा की। इस दौरान बिरला ने कहा कि पार्टी छोड़ने की बात अफवाह है। मैं कही नहीं जा रहा हूं।

पार्टी में नहीं गुटबाजी

^ पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। हर वार्ड से 2-3 दावेदार हो सकते हैं। अलग-अलग जगह पर पर्यवेक्षक से मिले हैं। शहर सहित जिलेभर में नगरीय चुनाव में कांग्रेस पार्टी जीतेगी। – झूमा सोलंकी, जिलाध्यक्ष कांग्रेस



Source link