Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- बीते दो साल के मुकाबले न्यूनतम तापमान 2 डिग्री अधिक, बीते दो वर्षों में पारा 6 डिग्री तक गया
बुधवार की तरह ही गुरुवार को भी सुबह खिली धूप बेदम रही। खुली आंखों से सूरज को कई मिनटों तक देखा जा सका। हालांकि रात के पारे में हल्का उछाल आया और यह 9.4 डिग्री पर पहुंच गया। जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। बुधवार को 19 किमी प्रति घंटे से चली हवा ने लगातार दूसरा दिन सीवियर कोल्ड डे बना दिया। आज भी कोल्ड डे के ही आसार हैं। 17 दिन पहले यानी 13 दिसंबर की रात को न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री रिकार्ड हुआ था। इससे महज 1.9 डिग्री ज्यादा होकर बुधवार को अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री रिकार्ड हुई।

9 डिग्री पारा में भी निगमकर्मी सफाई करते नजर आए।
भले ही बीते तीन में से दो दिन सीवियर कोल्ड डे और एक दिन कोल्ड डे रहा, लेकिन बीते दो वर्षों के मुकाबले न्यूनतम तापमान 2 डिग्री अधिक है। 2018 और 19 में 28 और 29 दिसंबर की रात को न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री तक चला गया था। लेकिन इस बार न्यूनतम तापमान का निचला स्तर 8 डिग्री रहा है। मंगलवार रात को भी न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री होकर सामान्य से 1 डिग्री कम रिकार्ड किया गया। वहीं, बुधवार रात यह बढ़कर 9.4 डिग्री पर पहुंच गया।
दिनभर सताएगी सर्दी
मौसम विशेषज्ञ अजय कुमार शुक्ला के मुताबिक साल का आखिरी दिन भी सर्द रहेगा। हवा भी चलेगी। दरअसल, बुधवार को कुछ नमी मिलने की वजह से बादल छा गए थे।

ठंड से बचने लोगों ने घराें में ही अलाव जला लिए।
शहर में जले अलाव
शहर में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के चलते प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर नगर निगम ने बुधवार रात से अलाव की व्यवस्था शुरू की। उद्यान विभाग के उपायुक्त कैलाश जोशी ने बताया कि सभी 19 जोन कार्यालयों में जलाऊ लकडियां भेजी जा रही हैं। जोनल कार्यालयों से क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही रैन बसेरा, सरवटे बस स्टैंड, गंगवाल बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रणजीत हनुमान मंदिर, नौलखा चौराहा, एमवाय हॉस्पिटल, जिला अस्पताल, महू नाका, राजबाड़ा व अन्य प्रमुख स्थानों अलाव बुधवार से लगाए गए।