Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर16 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
नदीगेट तिराहा पर वाहन चालकों का ब्रीथ एनालाइजर लगाकर टेस्ट करते हुए
- शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर की कार्रवाई
- 12 प्वाइंट पर ब्रीथ एनालाइजर से चेकिंग
नए साल का जश्न मनाकर नशे में सड़क पर घूमते कुछ बाइक सवारों का नशा उस समय उतर गया जब पुलिस सामने खड़ी दिखाई दी। पुलिस के हाथ में ब्रीथ एनलाइजर था। पुलिस ने बाइक सवारों को रोककर चेक किया तो वह नशे में नजर आए। स्पॉट पर ही उनका चालान किया गया। शाम 6 बजे से रात 10 बजे के बीच शहर में चेकिंग के दौरान एक सैकड़ा लोगों के चालान किए गए हैं। कई जगह तो वाहन चालक पुलिस को देखते ही गलियों में घुसते नजर आए हैं। गुरुवार को नए साल के आगमन पर शहर वासियों में काफी जोश दिखा है। रात तक सड़कों पर आम दिनों की तुलना में चहल-पहल ज्यादा थी। होटल-रेस्टोरेंट व गार्डन में आयोजन होते नजर आए हैं। इसी तरह पुलिस भी सड़कों पर चौकस नजर आई है।

वाहन चालकों से पूछताछ करती यातायात पुलिस
एसपी अमित सांघी ने बताया कि हर साल शहरवासी परिजनों के साथ व युवा वर्ग दोस्तों के साथ नए साल का जश्न मनाने के लिए काफी संख्या में किला, तिघरा व अन्य स्थलों पर पहुंचते हैं। इस साल कोविड-19 के चलते पुलिस द्वारा सख्ती बरती जाएगी। इन स्थानों पर पहुंचने वाले लोग कोविड गाइड लाइन का पालन कर रहे हैं या नहीं इसका ध्यान रखा जाएगा। इससे पहले 31 दिसंबर की रात को पुलिस ने होटल, रेस्टोरेंट सहित सड़क निकलने वालों तक पर निगरानी रखी गई है। पुलिस ने शहर के 25 प्वाइंट पर चेकिंग लगाई। यह वह प्वाइंट है जहां से पूरे शहर में निगरानी रखी जा सकती है। 45 एफआरवी भी पेट्रोलिंग करती नजर आई हैं।
ब्रीथ एनालाइजर देख भागे वाहन चालक
शहर के 25 प्वाइंट में से 12 प्वाइंट ऐसे थे जहां यातायात पुलिस ब्रीथ एनालाइजर लेकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों की धरपकड़ कर रही थी। इनमें नदीगेट पर डीएसपी नरेशबाबू अन्नोटिया के नेतृत्व में टीम चेकिंग कर रही थी। यहां काफी लोगों को नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया है। पुलिस के हाथ में ब्रीथ एनालाइजर देखकर वाहन चालक गाड़ियां लौटाकर भागते हुए नजर आए हैं।
600 जवान व अफसरों कर रहे निगरानी
31 दिसंबर को शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 600 जवान अतिरिक्त ड्यूटी पर लगाए गए हैं। यह विशेषकर ऐसे क्षेत्र में लगाए गए हैं जहां मॉल, होटल, रेस्टोरेंट ज्यादा है। साथ ही ऐसे जगह जहां सार्वजनिक आयोजन हो रहे हैं। इसके अलावा पर्यटन स्थल के आसपास भी दिन के समय पुलिस निगरानी करती नजर आई है।