Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
सत्यनारायण राइस मिल को सील करते अधिकारी
मंगलवार को फूड विभाग की टीम ने शहर की तीन फर्म सहित जिले में पांच स्थानों पर छापामार कार्रवाई की है। कंपू पर एक चावल फैक्ट्री को सील किया गया है। 6 साल पहले लाइसेंस खत्म होने के बाद कागजों में यह फैक्ट्री बंद थी, लेकिन यहां काम चलता मिला है। तत्काल इसे सील किया गया है। इसके अलावा गिरवाई की दो अन्य फर्म व डबरा में दो स्थानों पर भी छापामार कार्रवाई फूड विभाग ने की है।

कंपू स्थित फैक्ट्री में पैक होता मिला चावल
अपर कलेक्टर संजीव खेमरिया के नेतृत्व में मंगलवार शाम को फूड विभाग की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई की है। एक टीम डबरा के लिए निकली है, जबकि तीन अलग-अलग टीमों ने शहर में छापा मारा है। पहली टीम कम्पू के तिलक नगर में सत्य नारायण राइस मिल पहुंची है। यहां पहले तो काफी गंदगी में चावल रखा और पैक होते मिला है। इसके बाद जब जांच की गई तो पता लगा कि इस राइस मिल का लाइसेंस 2014 में ही खत्म हो चुका है। कागज में यह बंद फैक्ट्री थी, लेकिन यहां बड़े जोर शोर से काम चल रहा था। तत्काल फैक्ट्री को सील किया गया है।
यहां से लिए सैंपल
इसके अलावा शहर के गिरवाई में स्वामी सरमानंद फर्म (एलएलपी) के यहां छापामार कार्रवाई की है। यहां फूड ऑइल के सैंपल लिए गए हैं। इसके साथ ही दाल मिल अमित कुमार-सुमित कुमार के यहां भी छापा मारा गया है। यहां से दाल के सैंपल लिए गए हैं। यहां पॉलिश दाल की सूचना मिली थी। इसके अलावा डबरा की टीम ने भी वहा ऑइल मिल पर छापा मारकर सैंपल लिया है।