Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपाल14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- सीसीटीवी फुटेज में कैद कार को ट्रेस कर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जवाहर चौक इलाके में मीडियाकर्मी के घर वाहनों में आग लगाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने भोपाल नगर निगम के एक असिस्टेंट इंजीनियर (एई) द्वारा दी गई सुपारी पर घटना को अंजाम दिया था। उसने आरोपियों को 65 हजार रुपए का एडवांस भुगतान भी किया था। पुलिस की नजर में आने से बचने के लिए घटना के समय इंजीनियर पश्चिम बंगाल चला गया था।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई संदिग्ध कार का पता लगाते हुए पुलिस नागदा पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में असिस्टेंट इंजीनियर को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक जवाहर चौक स्थित मां संकट हरणी देवी मंदिर परिसर में रहने वाले जीतेंद्र शर्मा (30) एक न्यूज चैनल में पत्रकार हैं। बुधवार-गुरुवार की रात करीब एक बजे अज्ञात बदमाशों ने जाली फांदकर उनके घर में प्रवेश किया और अंदर खड़ी बाइक, स्कूटी, एक्टिवा और स्विफ्ट डिजायर कार में पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
3 गिरफ्तार… आरोपियों को 65 हजार रुपए दिए थे एडवांस
एएसपी जोन-1 रजत सकलेचा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों में दिखाई पड़ी एक संदिग्ध कार को ट्रैस किया तो वह उज्जैन के नागदा की निकली। मालूम हुआ कि उक्त कार 3 बार बिक चुकी है। आखिरी वाले मालिक के पास पुलिस पहुंची तो 3 युवकों द्वारा कार किराए पर लेकर जाने का पता चला। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया। इसके बाद उसके दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि भोपाल नगर निगम के असिस्टेंट इंजीनियर ओपी चौरसिया की कुछ समय पहले जीतेंद्र के परिवार से कहासुनी हो गई थी। वह सबक सिखाना चाहता था, इसलिए उसने समीर बेग उर्फ भैया, संतोष व अल्फाज मेवाती को एक लाख रुपए की सुपारी दी थी।
कोलकाता चला गया था… घटना के समय असिस्टेंट इंजीनियर चौरसिया कोलकाता चला गया और वहां से तीनों को फोन पर जीतेंद्र के घर की लोकेशन समेत अन्य जानकारी देता रहा। आरोपी समीर बेग पर नागदा थाने में चोरी और मारपीट के, जबकि संतोष पर आधा दर्जन केस दर्ज हैं।