Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन2 दिन पहले
- कॉपी लिंक
फाइल फोटो
- यानी महापौर व पार्षद के लिए दावेदारी करने वालों को टीम में नहीं मिलेगा स्थान
भाजपा की गठित होने वाली नगर इकाई के लिए पार्टी एक व्यक्ति, एक पद का सूत्र अपनाने जा रही हैं। यानी जो लोग महापौर या पार्षद का चुनाव लड़ना चाहेंगे उन्हें नगर इकाई में स्थान नहीं मिलेगा। पार्टी इस सूत्र को इसलिए भी आधार बनाने जा रही है ताकि सत्ता व संगठन के जितने पद है उतने कार्यकर्ताओं को उपकृत किया जा सके। एक व्यक्ति के पास दो पद या दोहरी जवाबदारी नहीं रहे।
दो दिन पहले प्रदेश संगठन ने भाजपा की उज्जैन नगर इकाई के गठन के लिए विनोद तिवारी और मनीषा सिंह को बतौर प्रतिनिधि नियुक्त किया है। इनके बाद से ही पार्टी में संगठनात्मक ढांचे को लेकर हलचल तेज हो गई हैं। दावेदारों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भाजपा ने भी अपने एक सूत्र को सामने रखकर टीम तैयार करने का निर्णय लिया है। ये सूत्र हैं एक व्यक्ति एक पद का।
यानी नगर इकाई में वे लोग दावेदारी नहीं कर सकेंगे जो कि महापौर या पार्षद का चुनाव लड़ना चाहते हैं। नगर इकाई 90 सदस्यीय रहेगी। आरक्षण के हिसाब से कार्यकारिणी में सात महिलाओं को भी पद मिलेंगे। प्रदेश संगठन द्वारा नियुक्त दोनों प्रतिनिधियों के आने से पहले नगराध्यक्ष विवेक जोशी टीम के गठन को लेकर सांसद, मंत्री, विधायक, प्रदेश पदाधिकारियों आदि से राय मशविरा करेंगे। खास ये कि इस बार की नगर इकाई में ज्यादातर युवाओं को मौका दिए जाने पर जोर रहेगा।