सालभर के बैन के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने को तैयार शाकिब अल हसन

सालभर के बैन के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने को तैयार शाकिब अल हसन


भ्रष्टाचार के लिए संपर्क किए जाने की सूचना नहीं देने पर शाकिब अल हसन पर सालभर का प्रतिबंध लगाया गया था (PC: Shakib al hasan Instagram)

ढाका. भ्रष्टाचार के लिए संपर्क किए जाने की सूचना नहीं देने पर एक साल का प्रतिबंध झेलने वाले अनुभवी हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन (Shakib Al Hasan) को अगले सप्ताह वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जाने वाली वनडे सीरीज के लिए बांग्लादेश की 18 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी वापसी का रास्ता साफ हो गया.

तीन मैचों की इस घरेलू सीरीज के लिए तमीम इकबाल की अगुआई वाली टीम में तीन नए चेहरों शोरिफुल इस्लाम, हसन महमूद और मेहदी हसन को भी जगह दी गई है. प्रतिबंध लगने के बाद शाकिब के लिए यह पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा. उन्हें इससे पहले इस श्रृंखला के लिए चुने गए 24 सदस्यीय शुरुआती टीम में भी शामिल किया गया था.

पिछले साल की थी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी
बांग्लादेश के टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम के कप्तान रह चुके 33 साल के शाकिब ने बीते साल नवंबर में बंगबंधु टी20 कप घरेलू टूर्नामेंट से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की थी. शाकिब के अलावा तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद और रूबेल हुसैन की भी बांग्लादेश टीम में वापसी हुई है. बांग्लादेश के मुख्य चयनकर्ता मिनहाजुल आबेदीन ने ‘क्रिकबज’ को बताया कि स्वाभाविक रूप से हम शाकिब अल हसन की टीम में वापसी से खुश हैं, क्योंकि हम सभी जानते हैं कि वह मैच का पासा पलटने में सक्षम हैं और हम बहुत जल्द ही उनके सर्वश्रेष्ठ लय में वापसी की उम्मीद कर रहे हैं.यह भी पढ़ें : 

शाहिद अफरीदी ने फिर अलापा ‘कश्मीर’ का राग, राहत फतेह अली खान भी आए साथ

ब्रिसबेन के मौसम ने बढ़ाई ऑस्ट्रेलिया की मुसीबत, भारत से नहीं जीत पाएगा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी!

टीम: तमीम इकबाल (कप्तान), शाकिब अल हसन, नजमुल हुसैन, मुशफिकुर रहीम, मोहम्मद मिथुन, लिट्टन दास, महमूदुल्लाह, अफिफ हुसैन, सौम्य सरकार, तस्कीन अहमद, रुबेल हुसैन, तैजुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, मेहिदी हसन, मोहम्मद सैफुद्दीन, मेहदी हसन, हसन महमूद, शोरिफुल इस्लाम.








Source link