IND VS ENG: गौतम गंभीर ने चुनी भारत की प्लेइंग इलेवन (Gautam Gambir/Instagram)
India vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 फरवरी से टेस्ट सीरीज का आगाज हो रहा है, पहले टेस्ट मैच के लिए पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने अपनी प्लेइंग इलेवन चुनी है, जिसमें उन्होंने 3 बड़े खिलाड़ियों को बाहर रखा है.
- News18Hindi
- Last Updated:
February 2, 2021, 6:24 PM IST
गौतम गंभीर ने अपनी प्लेइंग इलेवन में मयंक अग्रवाल, हार्दिक पंड्या और वॉशिंगटन सुंदर को बाहर रखा है. गंभीर की दलील है कि ऑस्ट्रेलिया में खराब प्रदर्शन का खामियाजा मयंक अग्रवाल को भुगतना पड़ सकता है. बड़ी बात ये है कि उन्होंने रवींद्र जडेजा की जगह टीम में शामिल किये गए ऑलराउंडर अक्षर पटेल को टीम में जगह दी है. अक्षर पटेल ने अबतक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है लेकिन इसके बावजूद गंभीर ने उन्हें अपनी प्लेइंग इलेवन में चुना है.
प्लेइंग इलेवन में गंभीर ने चुने 5 गेंदबाज
दिलचस्प बात ये है कि गौतम गंभीर ने अपनी प्लेइंग इलेवन में 5 गेंदबाजों को जगह दी है. बल्लेबाजों में गौतम गंभीर ने शुभमन गिल, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे को जगह दी है. वहीं बतौर ऑलराउंडर गंभीर ने आर अश्विन और अक्षर पटेल पर दांव खेला है. गेंदबाजों में गौतम गंभीर ने कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में चुना है.गौतम गंभीर ने हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर को नहीं चुना है. हार्दिक पंड्या अभी गेंदबाजी के लिए फिट नहीं हैं और वॉशिंगटन सुंदर पर उन्होंने बाएं हाथ के गेंदबाज अक्षर पटेल को तरजीह दी है. विकेटकीपर की बात करें तो गंभीर ने ऋद्धिमान साहा पर ऋषभ पंत को मौका देने की वकालत की है. कहा जाता है कि भारतीय पिचों पर साहा अच्छी विकेटकीपिंग करते हैं लेकिन पंत की बल्लेबाजी को देखते हुए गंभीर ने अपनी प्लेइंग इलेवन में उन्हें चुना है.
पहले टेस्ट के लिए गौतम गंभीर की टीम इंडिया- शुभमन गिल, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, आर अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज.