Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
घाटीगांव के सिरसा गांव के रोड पर जली हुई कार
- घाटीगांव के सिरसा गांव की घटना
- पुलिस पता लगा रही है किसकी है कार
घाटीगांव में एक संदिग्ध कार में लगी आग से दहशत का माहौल है। घटना रविवार सुबह सिरसा गांव की है। आग लगने से 10 मिनट पहले चार युवक कार को रखकर चले गए। उनका कहना था कि गाड़ी खराब हो गई है। पर उसके बाद न युवक लौटकर आए हैं न ही कार मालिक का पता चला। पुलिस जब तक पहुंची कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने कार को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घाटीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसा में रविवार सुबह चार युवक एक ओमनी वैन से पहुंचे। युवकों ने सड़क किनारे एक घर के सामने कार को खड़ा किया और सड़क पर आ गए। जब युवक बस में सवार होने लगे तो वहां खड़े कुछ लोगों ने पूछा भी भाई यह कार क्यों छोड़े जा रहे हो। इस पर युवकों का कहना था कि उनकी कार में खराबी आ गई है। अभी उनका भाई आकर उसे दूसरी गाड़ी से बांधकर ले जाएगा। बस कुछ ही दूरी पर पहुंची ही थी कि तभी कार में अचानक आग लग गई। कार में आग लगी देखकर लोग उसे बुझाने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल का अमला मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया। कार पूरी तरह जल चुकी है। अब पुलिस उसके चेचेस नंबर से कार मालिक का पता लगा रही है। इस तरह कार को छोड़कर जाना और उसके बाद आग लग जाने की घटना से दहशत का माहौल है।
चोरी की हो सकती है कार
पुलिस को आशंका है कि कार चोरी की हो सकती है या फिर इसका उपयोग किसी वारदात में हुआ है। क्योंकि जिस तरह से उसे रखकर जाना और उसके बाद अचानक उसमें आग लग जाना सिर्फ इत्तेफाक नहीं हो सकता। पुलिस पड़ताल कर रही है।