Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियरएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
जेएएच के वैक्सीनेशन सेंटर पर टीका लगवाने आने वाले फ्रंट लाइन वर्कर का इंतजार करती हेल्थ टीम
- 17 सेंटर के 38 बूथ पर सोमवार से शुरू हुआ वैक्सीनेशन
सोमवार से वैक्सीनेशन का दूसरा चरण शुरू हो गया। पहले दिन 17 सेंटर के 38 बूथ पर 5 हजार फ्रंट लाइन वर्कर को टीका लगना था, पर फ्रंट लाइन वर्कर में वैक्सीन को लेकर उत्साह काफी कम नजर आ रहा है। दोपहर करीब 12 बजे तक जेएएच के सेंटर पर सिर्फ पांच फ्रंट लाइन वर्कर वैक्सीन लगवाने पहुंचे थे। दिन भर डॉक्टर टीका लगवाने आने वालों का इंतजार करते रहे। यदि इस तरह का हाल रहा, तो शाम तक 20 से 25 फीसदी ही वैक्सीनेशन होने की संभावना जताई जा रही है।

जेएएच सेंटर के बाहर कर्मचारी फ्रंट लाइन वर्कर्स का इंतजार करते रहे। दोपहर तक 5 से 10 लोग ही टीका लगवाने पहुंचे।
कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगना शुरू हो गई है। पहला चरण 16 जनवरी से शुरू हुआ था, जिसमें 12,587 हेल्थ वर्करों को वैक्सीन लगनी थी, लेकिन 8342 को ही टीका लग सका था। 4,245 हेल्थ वर्कर अभी भी वैक्सीन से वंचित रह गए हैं। सोमवार से वैक्सीनेशन का दूसरा चरण शुरू हो गया है। इसमें 19,500 फ्रंट लाइन वर्कर को टीका लगना है। फ्रंट लाइन वर्कर में नगर निगम कर्मचारी, पुलिस व अन्य फोर्स के जवान शामिल हैं। पहले दिन सोमवार को 5000 हजार फ्रंट लाइन वर्कर को टीका लगाने का टारगेट है, लेकिन दोपहर 12 बजे तक के हालात यह थे कि किसी सेंटर पर पांच, तो कहीं 10 फ्रंट लाइन वर्कर टीका लगवाने पहुंचे थे।
38 बूथ पर 5 हजार को लगना है टीका
इसमें से जेएएच में सबसे ज्यादा बूथ रखे गए हैं। यहां 7 बूथ पर टीका लगाने का कार्यक्रम है, जबकि बीएसएफ टेकनपुर और सीआरपीएफ नयागांव पनिहार में पांच-पांच बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा आरोग्यधाम, आरजेएन अपोलो स्पैक्ट्रा, आयुर्वेदिक कॉलेज, सिविल अस्पताल हेम सिंह की परेड, हजीरा, जिला अस्पताल मुरार, जनकगंज, फालका बाजार और थाटीपुर डिस्पेंसरी,लक्ष्मीगंज प्रसूतिगृह, ईएसआई हॉस्पिटल व पाताली हनुमान स्थित डिस्पेंसरी और पीएचसी कुलैथ में भी सेंटर बनाए गए हैं।
जो छूट गए उनको 16 फरवरी को मौका
पहले चरण में जो हेल्थ वर्कर वैक्सीन लगवाने से चूक गए हैं, उनको एक और मौका मिलेगा। 16 फरवरी से पहले चरण में वैक्सीन लगवाने से छूटे 4,245 हेल्थ वर्कर के लिए एक और मौका होगा कि वह वैक्सीन लगवा सकते हैं।