मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंच से कहा कि मेले में डिस्काउंट देने से खर्चा बहुत आ रहा है, लेकिन मुझे विश्वास है कि एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आप सभी लोगों के विश्वास को नहीं तोड़ेंगे. उनकी तरफ से कुछ न कुछ खुशी की घोषणा हम सभी लोगों को मिलेगी. सभी लोगों को मेरी तरफ से मेला के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं.
..तो सिंधिया ने काट दी बात
गोविंद सिंह राजपूत के उद्बोधन के बाद राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया मंच पर आए. उन्होंने गोविंद सिंह राजपूत को कोट करते हुए कहा कि वह अभी कह रहे थे कि बहुत खर्चा होता है. सिंधिया ने कहा कि खर्चा के साथ आय भी बढ़ती है. जब छूट नहीं थी, तब 100 करोड़ का व्यापार हमारे मेले में होता था, लेकिन छूट मिलने के बाद 800 करोड़ का व्यापार हमारे मेले में हुआ है. राजस्व संग्रह भी ज्यादा हुआ है. फिर उन्होंने सीएम से अपील की वह स्वंय भी इस छूट की घोषणा कर दें.
50 फीसदी छूट की घोषणा
ज्योतिरादित्य सिंधिया की मांग पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बीते दो साल की तरह इस साल भी मेले से वाहन खरीद पर आरटीओ पंजीयन शुल्क में 50 फीसदी छूट दिए जाने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि व्यापार मेला ग्वालियर की अद्भुत पहचान है. कैलाशवासी माधवराव सिंधिया ने इसे साल 1905 में शुरू की थी. तब से भव्य रूप से इसका आयोजन हो रहा है. आरटीओ छूट को लेकर शिवराज ने ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर देख कर कहा कि आप छूट क्या कुछ और भी मांगो तो मिलेगा.