IND VS ENG: भारत की हार पर बोले केविन पीटरसन-पहले ही चेतावनी दी थी गाबा में ज्यादा जश्न मत मनाओ– News18 Hindi

IND VS ENG: भारत की हार पर बोले केविन पीटरसन-पहले ही चेतावनी दी थी गाबा में ज्यादा जश्न मत मनाओ– News18 Hindi


नई दिल्ली. चेन्नई टेस्ट में टीम इंडिया को इंग्लैंड (India vs England) ने बुरी तरह हरा दिया. इंग्लैंड ने 227 रनों से जीत हासिल की जिसके बाद उसके पूर्व खिलाड़ियों ने टीम इंडिया पर निशाना साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी. इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन (Kevin Pitersen) और माइकल वॉन (Michael Vaughan) ने भारतीय टीम की जमकर खिंचाई की और साथ ही इंग्लैंड को बेहद ही मजबूत टीम बताया. केविन पीटरसन ने हिंदी में ट्वीट करते हुए टीम इंडिया के जख्मों पर नमक छिड़का.

केविन पीटरसन ने ट्वीट कर लिखा, ‘इंडिया, याद है मैंने पहले ही चेतावनी दी थी कि इतना जश्न ना मनाएं जब आपने ऑस्ट्रेलिया को उनके घर पर हराया था.’ बता दें ब्रिसबेन टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर रिकॉर्डतोड़ जीत हासिल कर टेस्ट सीरीज अपने नाम की थी जिसके बाद पीटरसन ने टीम इंडिया को इंग्लैंड से होशियार रहने की चेतावनी दी थी. उनकी बात पहले टेस्ट में तो सही साबित हो गई. इंग्लैंड ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों ही मोर्चों पर भारत से बेहतर प्रदर्शन कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई.

माइकल वॉन ने भी साधा टीम इंडिया पर निशाना

माइकल वॉन ने इंग्लैंड की जीत के बाद टीम के प्रदर्शन को जमकर सराहा और साथ ही विराट कोहली पर निशाना साधा. माइकल वॉन ने इंग्लैंड की जीत के बाद एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए लिखा, ‘भारत को भारत में हराना एक बेहतरीन प्रदर्शन है. 227 रनों की जीत. ये टीम इस साल कुछ खास कर सकती है.’

केविन पीटरसन ने हिंदी में ट्वीट कर भारत पर साधा निशाना

माइकल वॉन ने एक दूसरे ट्वीट में लिखा, ‘भारत का खेल बिलकुल भी अच्छा नहीं रहा क्योंकि इंग्लैंड ने उन्हें कुछ करने ही नहीं दिया. टॉस जीतना बड़ी बात थी लेकिन उसका सही से इस्तेमाल करना भी उसे मैच विनर बनाता है. वैसे आपको बता दें विराट कोहली की ये बतौर टेस्ट कप्तान लगातार चौथी हार है.’

माइकल वॉन का ट्वीट

IND VS ENG: विराट कोहली की खराब कप्तानी, रोहित-रहाणे का ‘सरेंडर’…जानिए हार की 5 बड़ी वजह 

चेन्नई टेस्ट में भारत की करारी हार

चेन्नई टेस्ट में भारत को इंग्लैंड से करारी हार मिली. भारतीय टीम की बल्लेबाजी दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर सकी. विराट कोहली की 72 रनों की पारी और शुभमन गिल के 50 रनों के अलावा दूसरा कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया. चेन्नई टेस्ट के पांचवें दिन जेम्स एंडरसन ने कहर बरपाती हुई गेंदबाजी करते हुए महज 17 रन देकर 3 विकेट लिये. जैक लीच ने भी 4 विकेट अपने नाम किये. पहली पारी में दोहरा शतक जड़ने वाले जो रूट को मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला.





Source link