Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपालएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
शाहनवाज उर्फ बिट्टू। फाइल फाेटो
- वन विभाग ने सीजेएम निशिथ खरे की कोर्ट में प्यारे मियांऔर शाहनवाज उर्फ बिट्टू के खिलाफ चालान पेश किया था
- मामला दर्ज होने के बाद से ही फरार था शाहनवाज
नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के मामले में जेल में बंद प्यारे मियां के 6 महीने से फरार चल रहे बेटे शाहनवाज उर्फ बिट्टू की सांभर के सींग मामले में भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। यह कहना है, वन विभाग की पैरवी कर रहीं अभियोजन अधिकारी सुधा विजय सिंह भदौरिया का।
उन्होंने कहा कि 11 फरवरी को वन विभाग अदालत में शाहनवाज उर्फ बिट्टू की औपचारिक गिरफ्तारी के लिए आवेदन पेश करेगा। वन विभाग सांभर के सींग की ट्राफी के संबंध में आरोपी से पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड मांगेगा। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2020 को श्यामला हिल्स थाने की सूचना पर परिक्षेत्र अधिकारी उड़नदस्ता भोपाल के दल ने श्यामला हिल्स स्थित अंसल अपार्टमेंट के फ्लेट नंबर ई 402 की सर्चिंग के दौरान सांभर के सींग की ट्राॅफी को जब्त किया था।
मौके पर फ्लैट मालिक शाहनवाज उर्फ बिट्टू पिता प्यारे मियां नहीं मिला था। वन विभाग को अवैध रूप से सांभर के सींग रखने के मामले में शाहनवाज उर्फ बिट्टू की लंबे समय से तलाश थी। वन विभाग कोर्ट में प्यारे मियां और फरार आरोपी शाहनवाज उर्फ बिट्टू के खिलाफ सीजेएम निशिथ खरे की अदालत में पहले ही चालान पेश कर चुकी है। मालूम हो कि सांभर के सींग रखने में मामले में प्यारे मियां की जमानत अर्जी पर विशेष न्यायाधीश एसबी साहू की अदालत से नामंजूर हो चुकी है।
मामला एक नजर में
14 जुलाई को पुलिस थाना श्यामला हिल्स भोपाल से सूचना मिलने पर परिक्षेत्र अधिकारी उड़नदस्ता भोपाल की टीम फ्लैट नंबर ई-402 अंसल अपार्टमेंट श्यामला हिल्स पहुंची थी। यहां श्यामला हिल्स पुलिस एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद थे।
सर्चिंग के दौरान सांभर के सींग की ट्राॅफी मिली थी। ट्राॅफी के कोई भी वैध अभिलेख नहीं मिल थे। मौके पर फ्लैट मालिक शाहनवाज खान पिता प्यारे मियां भी नहीं मिले। इसके बाद वन्यप्राणी सांभर के सींग की ट्राॅफी को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया था। केस में आरोपी प्यारे मियां अब्दुल वहीद खान उर्फ अब्दुल समद एवं शाहनवाज पिता प्यारे मियां अन्य संगीन अपराधों में लिप्त है।
(कीर्ति गुप्ता की रिपोर्ट)