चेन्नई: इंग्लैंड (England) के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में ‘चाइनामैन’ गेंदबाज कुलदीप यादव (Kuldeep yadav) की अनदेखी की गई जिसके बाद से ही विराट कोहली (Virat Kohli) और भारतीय टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठ रहे हैं. कुलदीप यादव (Kuldeep yadav) दो साल से टेस्ट टीम में खेलने के लिए तरस रहे हैं.
कुलदीप के कोच ने जमकर लताड़ा
कुलदीप यादव (Kuldeep yadav) ने अपना आखिरी टेस्ट मैच साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया (Australia) के खिलाफ सिडनी (Sydney) में खेला था. उस मैच में कुलदीप यादव (Kuldeep yadav) ने पारी में 5 विकेट लिये थे. कुलदीप यादव (Kuldeep yadav) के बचपन के कोच कपिल पांडे ने ‘स्पोर्ट्सकीड़ा’ को दिए एक इंटरव्यू में भारतीय टीम मैनेजमेंट को जमकर लताड़ा है.
अब तक 200 विकेट ले चुके होते कुलदीप
कपिल पांडे के मुताबिक कुलदीप यादव (Kuldeep yadav) को टेस्ट में मौका ही नहीं दिया गया, नहीं तो अब तक वह 200 टेस्ट विकेट ले चुके होते. कुलदीप यादव (Kuldeep yadav) के कोच ने कहा, ‘टेस्ट क्रिकेट में कम मौके मिलने के कारण कुलदीप यादव अब तक 200 टेस्ट विकेट नहीं ले पाए हैं.’
कुलदीप यादव के साथ नाजायज तरीके से बर्ताव
कुलदीप (Kuldeep yadav) के कोच कपिल पांडे ने टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) और कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) से कुलदीप यादव को नहीं चुने जाने का कारण पूछा है. इस ‘चाइनामैन’ बॉलर के कोच ने कहा, ‘भारतीय टीम मैनेजमेंट कुलदीप यादव (Kuldeep yadav) के साथ नाइंसाफी कर रहा है. कुलदीप यादव के साथ नाजायज तरीके से बर्ताव किया जा रहा है. कप्तान और कोच की महानता कहां है?’
कुलदीप ने अपने आखिरी टेस्ट में 5 विकेट लिये थे
शास्त्री और कोहली पर सवाल खड़े करते हुए कुलदीप के कोच ने कहा, ‘इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम मैनेजमेंट ने चोटिल अक्षर पटेल की जगह शाहबाज नदीम को चुना और कुलदीप यादव नहीं, ऐसा क्यों हुआ? कुलदीप ने अपने आखिरी टेस्ट में 5 विकेट लिए थे. इसके बाद से टीम मैनेजमेंट ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया. वॉशिंगटन सुंदर और शाहबाज नदीम को मौके मिल रहे हैं, लेकिन कुलदीप यादव को नहीं.’
नदीम की कोई तैयारी नहीं थी
कुलदीप (Kuldeep yadav) के कोच ने कहा, ‘अगर कुलदीप यादव को मौके मिलते तो अब तक वह 50 टेस्ट मैच खेल चुके होते और 200 से ज्यादा विकेट झटक लिए होते.’ कुलदीप के कोच के मुताबिक कुलदीप यादव (Kuldeep yadav) टीम के साथ लगातार प्रैक्टिस कर रहा है, उसे टीम में मौका नहीं मिल रहा और शाहबाज नदीम जैसे बाकी खिलाड़ियों को कई मौके दिए जाते हैं. आप उस खिलाड़ी को टीम में शामिल करते हैं, जो टीम में नहीं हैं और उसकी कोई तैयारी भी नहीं है.
नदीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था
बता दें कि पहले टेस्ट मैच में शाहबाज नदीम (Shahbaz Nadeem) का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था. इस मैच में नदीम ने कुल 9 नो बॉल फेंकी, जो अपने आप में ही किसी गेंदबाज के लिए बहुत शर्मनाक रिकॉर्ड है. शाहबाज नदीम को इस मैच में सिर्फ चार विकेट मिले जिसके लिए उन्होंने 233 रन खर्च कर दिए. इस घटिया गेंदबाजी प्रदर्शन के बाद दूसरे टेस्ट मैच में नदीम का प्लेइंग इलेवन से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है.
2017 में कुलदीप ने किया था टेस्ट डेब्यू
बता दें कि कुलदीप यादव (Kuldeep yadav) ने साल 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धर्मशाला में अपना टेस्ट डेब्यू किया था. कुलदीप यादव (Kuldeep yadav) ने भारत के लिए अब तक 6 टेस्ट मैचों में 24 विकेट लिये हैं. कुलदीप यादव ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी टीम इंडिया के साथ मौजूद थे, लेकिन वह पूरी सीरीज में बाहर ही बैठे रहे.