शराबी शिक्षक: प्राइमरी कक्षा में नशे में बच्चों को पढ़ाने पहुंचे शिक्षक, पैरेन्ट्स ने शराब पीकर आने का कारण पूछा तो अपशब्द कहे, वीडियो वायरल

शराबी शिक्षक: प्राइमरी कक्षा में नशे में बच्चों को पढ़ाने पहुंचे शिक्षक, पैरेन्ट्स ने शराब पीकर आने का कारण पूछा तो अपशब्द कहे, वीडियो वायरल


Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

दमोह4 घंटे पहले

शराब के नशे में कक्षा में बैठे शिक्षक राजकुमार आठ्या।

  • दमोह जिले में हटा की शासकीय प्राथमिक शाला रजपुरा का मामला
  • तीन-चार दिन पुराना बताया जा रहा है वीडियो, लेकिन अब हो रहा जमकर वायरल

दमोह जिले के हटा क्षेत्र में स्थित शासकीय प्राथमिक शाला रजपुरा के एक शिक्षक का शराब के नशे में वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल के प्रभारी प्रधान अध्यापक राजकुमार आठ्या शराब के नशे में बच्चों की कक्षा लेते दिख रहे हैं। कक्षा में करीब 20 बच्चे मौजूद हैं और शिक्षक शराब के नशे में उनके सामने कुर्सी पर बैठकर उन्हें पढ़ा रहे हैं। एक पैरेन्ट्स ने जब स्कूल पहुंचकर शिक्षक से शराब पीने का कारण पूछा तो वे उन पर ही भड़क गए और बच्चों के सामने ही अपशब्द कहकर स्कूल से जाने के लिए कहने लगे। प्राइमरी स्कूल 31 मार्च तक बंद है, लेकिन उन्हें माध्यान्ह भोजन के एवज में बच्चों के घर-घर जाकर सूखा राशन बांटा जाना है, लेकिन हटा की शासकीय प्राथमिक शाला रजपुरा में इस नियम की भी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। प्रधान अध्यापक राजकुमार आठ्या ने राशन वितरण के लिए बच्चों को स्कूल ही बुला लिया और खुद शराब के नशे में उनके सामने कक्षा में पहुंच गए। वीडियो में शिक्षक की हालात यह है कि नशे के कारण उनसे ठीक से बात करते भी नहीं बन रहा है। शिक्षक से एक पैरेन्ट्स जब नशे में स्कूल आने के बारे में पूछता है, तो वे कहते हैं कि तुम कुछ नहीं कर सकते। मैं 24 घंटे शराब पीऊंगा। इसके बाद शिक्षक पैरेन्ट्स को स्कूल से बाहर जाने का बोलते हैं और बच्चों के सामने ही गालियां दे रहे हैं।

वीडियो में पैरेन्ट्स और शिक्षक के बीच बातचीत
पैरेन्ट्स : मासाब दारू पीकर स्कूल क्यों आते हो?
शिक्षक : क्या, हमें नहीं पता।
पैरेन्ट्स : शराब पीकर क्यों आते हो ?
शिक्षक : तुम अध्यक्ष हो अपने घर जाओ, आप स्कूल से बाहर जाओ।
पैरेन्ट्स : हम गांव के नागरिक हैं, हम स्कूल आए हैं आप दारू पीकर क्यों आते हो?
शिक्षक : हमें जो करना करेंगे।
पैरेन्ट्स : मेरे भी बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं।
शिक्षक : हमें 24 घंटे पीना, आप कुछ नहीं कर सकते।

शराबी शिक्षक की कक्षा में बैठकर पढ़ते बच्चे।

करा रहे हैं मामले की जांच
हटा के बीआरसी टीआर कारपेंटर ने कहा कि मामले की जांच के लिए मौके पर बीएसी व जनशिक्षक को भेजा गया है। वहां पर पदस्थ प्रधान अध्यापक राजकुमार आठ्या, कक्षा के बच्चों व वीडियो बनाने वाले पेरेन्ट्स के भी लिखित में कथन लिए जाएंगे। इसके बाद ही जांच प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी के पास भेजा जाएगा। वहीं मामले में आगे कार्रवाई करेंगे।

टीम को आज ही जांच रिपोर्ट देने के निर्देश
इस मामले में संयुक्त संचालक मनीष वर्मा ने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद जांच के लिए बोला है। आज ही जांच पूरी कर रिपोर्ट देने के लिए कहा है। बीओ दमोह जिला शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट देंगे और वे आज शाम तक ही जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। यदि जांच में यह मामला सही पाया जाता है। तो शिक्षक को तुरंत निलंबित कर दिया जाएगा। जांच में शिक्षक से कब से कब तक गायब रहा, कब से स्कूल नशे में आ रहा है? इन सभी बिन्दुओं पर जांच कराई जा रही है।



Source link