सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की. पुलिस ने माचलपुर के पास से 3 बदमाशों को दबोच लिया. कार भी हुई जब्त कर ली. इस बीच 2 बदमाश फरार होने में कामयाब हो गए. पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के कोटा में वारदात कर बदमाश एमपी में घुस आए. पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ जारी है.
राजगढ़ में ही 16 जनवरी को हुआ था पुलिस पर हमला
जिले में 16 जनवरी को ही माफिया पुलिस पर भी हमला करने से नहीं चूके. जिले के पचोर, राजगढ़ और सुठालिया थाना इलाकों की पुलिस जब इनके अड्डों पर दबिश देने गई तो उन पर हमला हो गया था. राजगढ़ जिले की पुलिस पचोर के कंजरपुरा पहुंची तो उस पर शराब माफिया ने पथराव कर दिया था. पुलिस को बचाव में हवाई फायर के साथ-साथ आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े थे. पुलिस ने यहां 37 लाख रुपए का महुआ लहान नष्ट किया था. इसके अलावा पुलिस ने यहां से 700 लीटर अवैध कच्ची शराब भी जब्त की थी.
कई बदमाशों पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि हमला करने वाले 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया. 4 आरोपियों को जिला बदर कर दिया गया. इनके अलावा 20 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और बलवा का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने सुठालिया थाना के अड्डे पर दबिश देकर 10 लाख की महुआ लाहान नष्ट की, राजगढ़ थाना के नानोरी गांव में भी कंजर डेरों से 100 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की गई.