Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मांडू16 मिनट पहलेलेखक: सुनील तिवारी
डायनासोर फॉसिल्स नेशनल पार्क
- डायनासोर फॉसिल पार्क का शुभारंभ प्रदेश पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर करेंगी, साथ ही एस्ट्रोनॉमी सेंटर का भूमिपूजन करेंगी
- डायनासोर के इतिहास की गाथा पर आधारित लाइट एंड शो के माध्यम से प्रोजेक्टर पर दिखेगा
मांडू के नजदीक बनकर तैयार प्रदेश का पहला डायनासोर फॉसिल्स नेशनल पार्क 13 फरवरी से मांडू महोत्सव के साथ ही पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। मांडू में डायनासोर जीवाश्म पार्क का नवीनीकरण कार्य पूर्ण हो गया है। पर्यटकों के आकर्षण के लिए पार्क में बड़े स्तर पर नए प्रयोग किए गए हैं। मांडू महोत्सव का आयोजन 13 से 15 फरवरी तक किया जाएगा। जिसके साथ ही पार्क को खोल दिया जाएगा। धार कलेक्टर आलोक सिंह ने बताया कि मांडू में तैयार हुआ डायनासोर पार्क देश का पहला आधुनिक फॉसिल्स पार्क है। जहां पर पर्यटकों को डायनासोर के 6.5 करोड़ साल के इतिहास की जानकारी मिलेगी। पर्यटकों को यहां पर डायनासोर के रहन- सहन, खानपान और उनके जीवन से जुड़ी जानकारी जानने के साथ ही पार्क में रखे डायनासोर के 24 अंडे और अन्य फॉसिल्स देखने को मिलेंगे। वहीं पार्क के मुख्य गेट पर पर्यटकों को डायनासोर की उड़ने वाली कलाकृति देखने को मिलेगी। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए पार्क में ऐसा हैंगिंग फ्लोर बनाया गया है जहां पहाड़ी किनारे खड़े होने पर भी पहाड़ी के बीच में खड़े होने का एहसास होगा। पार्क में रात रुककर पर्यटक खुले आसमान में चांद तारों को निहार सकें इसलिए हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर दो ग्लास हाउस भी बनाए गए हैं। इन सब के अलावा पार्क में 10 एकड़ क्षेत्र में 5 लोटस पॉन्ड, 4 बगीचे, पर्यटकों के बैठने के लिए हट्स का निर्माण भी किया गया है। पार्क में आउटलेट्स भी बनाए गए हैं जहां से पर्यटक जिले एवं प्रदेश के उत्पादों को खरीद सकेंगे। पर्यटकों के मनोरंजन के लिए पार्क में शाम को प्रसिद्ध आदिवासी नर्तक दल के साथ भगोरिया नृत्य की धूम भी रहेगी।
कॉटेज में रुकेंगे पर्यटक, मनोरंजन के लिए ओपन थिएटर
पार्क में पर्यटकों के रुकने के लिए डायनासोर के अंडे नुमा टेंट रूम भी बनाए गए हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन यहां पर पीपीपी मॉडल पर 10 कॉटेज भी तैयार करा रहा है। पर्यटक इन कॉटेज को अपनी सुविधा के अनुसार बुक करा सकेंगे। वहीं पार्क में आने वाले पर्यटक प्रदेश के परंपरागत मालवी और निमाड़ी खाने का लुत्फ उठा सकें इसलिए अलग से फूड कोर्ट भी बनाया गया है। पार्क में पर्यटकों के मनोरंजन के लिए ओपन थिएटर बनाया गया है। यहां पर मांडू महोत्सव के दौराना धार के लोकल कलाकार प्रदेश के लोक नृत्यों का आयोजन करेंगे। ओपन थिएटर में पर्यटकों के बैठने के लिए पत्थर की कुर्सियां भी लगाई गई हैं।
बच्चों के लिए होंगे विशेष इंतजाम
बच्चें पार्क में डायनासोर के फॉसिल्स देखने के साथ ही डायनासोर की दुनिया से लेकर अब तक की दुनिया के बारे में जानकारी हासिल कर सकें इसके लिए डायनासोर पर आधारित लाइट एंड साउंड शो के साथ ही डायनासोर पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई जाएगी। वहीं बच्चें पार्क में स्पोर्टस गेम खेले सकें इसके लिए यहां एडवेंचर स्पोर्टस का इंतजाम भी किया गया है। पार्क में बच्चों के लिए हॉट एयर बैलून, बंजी जंपिंग, टॉय ट्रेन, एटीवी बाइक जैसे अन्य एडवेंचर गेम का आयोजन भी किया जाएगा।
दूरबीन और ट्रेकिंग जोन भी बनेगा
कलेक्टर आलोक सिंह ने बताया कि पार्क में आने वाले पर्यटक चांद तारों को निहार सकें इसलिए मप्र टूरिज्म विभाग की मदद से जल्द ही एक बड़ी दूरबीन भी स्थापित की जाएगी। वहीं कांकड़ा खोह झरने की तरफ ट्रेकिंग जोन भी बनाया जाएगा। वहीं मध्य प्रदेश टूरिज्म के एक अधिकारी ने बताया कि मांडू महोत्सव के लिए मप्र टूरिज्म बोर्ड की तरफ से 1 करोड़ 25 लाख रुपए जिला प्रशासन को दिए गए हैं।
धार में डायनासोर के पहले समुद्र था
डायनासोर फॉसिल्स के विशेषज्ञ विशाल वर्मा ने बताया कि धार में ना केवल डायनासोर आकर अंडे देते थे बल्कि उससे कई करोड़ साल पहले यहां समुद्र होने के भी प्रमाण मिले हैं। यहां पर डायनासोर के पहले समुद्र भी था इसलिए डायनासोर के अलावा यहां समुद्री जीवों के जीवाश्म भी मिलते हैं। बता दें कि धार की मनावर तहसील के सीतापुरी गांव से सी अर्चिन के जीवाश्म भी मिले है। इस तरह की स्टार फिश समुद्र में ही पाई जाती है। यहां पर सी अर्चिन की वह प्रजाति मिली है जो विश्व में कभी नहीं मिली।
कार्ययोजना बनाकर दिया मूर्त रूप
जिला पंचायत सीईओ धार संतोष वर्मा ने बताया कि काफी दयनीय हालत में पार्क था, आने के बाद इस पर ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद कार्ययोजना बनाकर इसे मूर्त रूप दिया है। इसमें सर्व सुविधा युक्त व्यवस्था की गई है। मांडू आने वाले पर्यटकों को यहां आए नया आकर्षण मनोरंजन के साथ यहां कई पार्क में बच्चों और परिवार के लिए व्यवस्था की गई है और भी कई प्रयास यहां किए गए हैं जो आकर्षण का केंद्र बनेंगे। कलेक्टर आलोक कुमार सिंह ने बताया कि 13 फरवरी से लेकर 15 फरवरी तक मांडू उत्सव का आयोजन किया जाएगा। वहीं 13 फरवरी से ही डायनासोर फॉसिल्स पार्क पर्यटकों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। पर्यटकों के आकर्षण के लिए कई प्रयोग किए गए हैं। वहीं पार्क में दूरबीन लगाने जैसी और भी योजनाओं पर पर काम किया जा रहा है। जिन्हें जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
– मांडू से सुनील तिवारी की रिपोर्ट