Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर33 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
कनाड़िया क्षेत्र में देर रात एक दुखद घटना में 2 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान उसके हाथ चूहामार दवाई की पुड़िया लगी, जिसे उसने अंजाने में खा लिया। पुड़िया को चखते ही उसकी तबीयत खराब हुई और वह उल्टियां करने लगी। खेत में काम कर रहे परिजन उसे लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। कनाड़िया पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार को पीएम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच अधिकारी पीएस टैगोर ने बताया कि मृतिका दो साल की दीया पिता अर्जुन है। अर्जुन मूलरूप से सरदारपुर का रहने वाला है। वह अभी पत्नी और दो बेटियों के साथ सर कनाड़िया क्षेत्र के उपड़ीमाता गांव में खेती का काम करने आया था। गुरुवार दोपहर दीया ने कोई कीटनाशक पी लिया था। इसके बाद परिजन उसे लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे थे। देर रात बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जांच में पता चला है कि दो-ढाई महीने पहले उन्होंने आलू की फसल में चूहामार दवाई डाली थी। उसकी खाली पुड़िया घर के पास रखी हुई थी। बच्ची ने इसी पुड़िया को खेलते समय खा लिया। हादसे के समय परिजन खेत में काम कर रहे थे। बच्ची अपनी बड़ी बहन के साथ बाहर खेल रही थी।
बेटी लगातार कर रही थी उल्टी, पास ही पड़ी थी पुड़िया
पिता अर्जुन निवासी सरदारपुर ने बताया कि हम खेत पर काम कर रहे थे। छोटी अपनी बड़ी बहन के साथ खेल रही थी। इसी दौरान बड़ी बेटी ने आकर मुझे बताया कि छोटी उल्टी कर रही है। मैं दौड़कर पहुंचा तो वह लगातार उल्टियां कर रही थी। मैंने पूछा तूने क्या खाया तो बड़ी बेटी ने पास पड़ी पुड़िया दिखाते हुए यह खाया था इसने। उस पुड़िया में दूहा मारने की दवाई थी। इसके बाद उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।