Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
रतलाम2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- प्रबंधक व उपाध्यक्ष के खिलाफ स्टेशन रोड थाने में केस दर्ज
कोल्ड स्टोरेज के लिए सहकारी समिति बनाकर शेयर जारी कर रुपए इकट्ठा किए और शीत गृह बना ही नहीं। प्रबंधक और उपाध्यक्ष ने सदस्यों के नाम लोन जारी कर राशि हड़प ली। शिकायत के बाद ऑडिट हुआ। 23,70,718 रुपए की हेरफेर मिलने पर सहकारिता निरीक्षक रवि कुमार सोनी ने प्रबंधक लोकेंद्रसिंह पुरोहित और उपाध्यक्ष विजय पालीवाल के खिलाफ स्टेशन रोड थाने में धोखाधड़ी का प्रकरण करवाया 1994-1995 में रतलाम शीत गृह सहकारी संस्था का पंजीयन हुआ था। शेयर जारी कर सदस्यों से रुपए जमा करवाए। शीतगृह बनाने के बजाय जो राशि मिली उसकी एफडी करवा ली। बैंक में एफडी गिरवी रख 27,70,718 का लोन ले लिया। 20 अगस्त 2017 को चुनाव हुए व माधो पटेल को अध्यक्ष चुना गया। सारा कामकाज उपाध्यक्ष विजय पालीवाल देखते थे। उपाध्यक्ष पालीवाल ने नए चुनावों की जानकारी सहकारिता विभाग को नहीं दी।
पालीवाल और संस्था प्रबंधक लोकेंद्रसिंह पुरोहित ने 26 सदस्यों के नाम लोन जारी कर चेक से भुगतान किया और यह राशि लोन लेने वाले के बजाय दोनों के खाते में जमा हो गई। जनचेतना एवं लोक संघर्ष समिति के निर्मल कटारिया ने शिकायत की। कलेक्टर ने 13 मई 2019 को जांच के आदेश दिए। सहकारिता निरीक्षक रवि सोनी ने ऑडिट किया तो हेरफेर सामने आ गई।
करमदी में 10 बीघा जमीन भी अलाॅट हुई है
संस्था के लिए करमदी में दस बीघा जमीन अलॉट हुई है। कई दिनों तक यहां प्रस्तावित कोल्ड स्टोरेज का बोर्ड भी लगा था जो बाद में गायब हो गया। ऑडिट में स्पष्ट हुआ कि प्रबंधक ने 48 हजार रुपए जमीन के मेंटेनेंस के नाम पर भी निकाले गए हैं। खाली भूमि पर क्या मेंटेनेंस हुआ इसका कोई हिसाब नहीं है।