Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
बैतूल18 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
7.30 बजे के करीब ट्रैक्टर बेरिकेड्स और पुलिस जवानों पर चढ़ाने की कोशिश के बाद हालात बिगड़ गए और पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया।
- सारनी से 3 किमी पहले राजीव चाैक पर राेकी ट्रैक्टर रैली
शनिवार को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने चिचोली से सारनी तक ट्रैक्टर रैली निकाली। बगडोना में छिंदवाड़ा हाइवे 43 पर पुलिस ने बेरिकेड्स लगाकर रोक दिया। इस दाैरान शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक हाइवे जाम रहने के कारण छिंदवाड़ा जाने वाले वाहन फंसे रहे। इस कारण लाेगाें काे खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दो घंटे समझाइश के बाद कांग्रेसियों द्वारा रात 7.30 बजे के करीब ट्रैक्टर बेरिकेड्स और पुलिस जवानों पर चढ़ाने की कोशिश के बाद हालात बिगड़ गए और पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया।
एसडीएम अनिल सोनी, एडिशनल एसपी श्रद्धा जाेशी, तहसीलदार मोनिका विश्वकर्मा, सारनी एसडीओपी अभयराम चौधरी ने प्रदर्शनकारियों काे समझाया। लेकिन वे नहीं माने इस बीच मुलताई टीआई सुरेश सोलंकी, आमला टीआई सुनील लाटा और एसडीएम अनिल सोनी और सारनी के आरक्षक घायल हाे गए। जिनका उपचार घोड़ाडोंगरी के अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस ने कांग्रेस सेवादल के मनोज आर्य सहित अन्य कांग्रेसियों पर थाना सारनी में बिना अनुमति यातायात बाधित करने, चक्का जाम, बलवा का केस दर्ज किया। प्रदर्शन में समीर खान, हेमंत वागद्रे, हेमंत पगारिया, तिरुपति एरुलू, मो. इलियास, वसीम खान, मनोज मालवे सहित आधा सैकड़ा लोग मौजूद थे।
चिचोली से आई रैली को बैतूल के बाहर रोका
कंगना के विरोध करने कांग्रेस सेवादल ने मनोज आर्य के नेतृत्व में चिचोली से ट्रैक्टर रैली निकाली। करीब 15 ट्रैक्टरों में सवार होकर कांग्रेसी बैतूल के दनोरा पहुंचे, जहां पर पुलिस ने रैली को रोक लिया। मौके पर मौजूद एसडीओपी नीतेश पटेल ने बैतूल शहर से रैली ले जाने की अनुमति नहीं दी। शहर से रैली जाने की जिद पर अड़े कांग्रेसियों ने सड़क पर बैठकर रघुपति राघव राजाराम का जाप किया। इसके बाद यह ट्रैक्टर रैली फोरलेन से होते हुए चक्कर रोड से कोतवाली चौक पहुंची।
पुलिस ने जारी किए घायलों के नाम
कांग्रेसियाें द्वारा किए गए उग्र प्रदर्शन के दौरान एसडीएम शाहपुर अनिल सोनी, पटवारी हरिओम चौरे (पटवारी हल्का नंबर 45), सारनी के आरक्षक 60 भजनलाल, आरक्षक 458 विक्रम, आरक्षक 366 धीरज घायल हो गए हैं। जिनका पुलिस ने घोड़ाडोंगरी अस्पताल में मेडिकल करवाया है।
इस संबंध में अपर कलेक्टर जेपी सचान ने कहा कि जो भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा। पुलिस द्वारा उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कांग्रेस ने बगैर परमिशन रैली निकाली है
प्रदर्शन था की सूचना 11 बजे दी गई थी। प्रशासन द्वारा ट्रैक्टर रैली की परमिशन नहीं दी थी। तीन चार घंटे समझाइश दी गई। पाइंट से आगे ट्रैक्टर लाने के बाद नहीं माने तो कांग्रेसियों ने पानी के पाउच, पत्थर फेंकना शुरू किए। एक ट्रैक्टर भी सिपाही पर चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे एक सिपाही को चोट आई है। सारनी टीआई को भी चाेट है। एक ट्रैक्टर जब्त किया है। एक नामजद और अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
-श्रद्धा जोशी, एडिशनल एसपी, बैतूल