- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- Police Rushed And Beaten The Congressmen Who Came To Encircle The Corporation, Threw Water From The Water Cannon To Expel The Women
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
प्रदर्शन करने आए कांग्रेसी को पुलिस ने पीटा, सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर डंडे मारे
- सड़क, बिजली, पानी और महंगाई पर घेरना था नगर निगम दफ्तर
- मुख्यमंत्री मुर्दाबाद और तानाशाही नहीं चलेगी नारे लगाए गए
सड़क, बिजली, पानी व महंगाई के विरोध में नगर निगम कार्यालय को घेरने पहुंचे कांग्रेसियों को पुलिस ने सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा है। जब महिलाओं ने मोर्चा संभाला तो पुलिस ने उनको खदेड़ने के लिए वॉटर केनन से पानी फेंका। घटना सोमवार दोपहर नगर निगम कार्यालय रोड की है। पुलिस के धक्का मुक्की करने और डंडा चलाने से नाराज कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री मुर्दाबाद, तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे लगाए हैं। इस दौरान पुलिस के डंडे लगने से करीब 15 से 20 लोग घायल हुए हैं।

पुलिस द्वारा लगाए गए बैरीकेड्स पर चढ़ने वालाें को वॉटर केनन का उपयोग कर इस तरह रोका गया
प्रदेश में लगातार घरेलु गैस सिलेंडर, पेट्रोल महंगा हो रहा है। सड़कों की हालत खराब है। नगर निगम के पास स्ट्रीट लाइट की जिम्मेदारी है, लेकिन लाइट्स नहीं जलती है। जिस कारण महिलाओं के साथ वारदातें बढ़ रही हैं। लगातार हो रही घटनाओं पर कांग्रेस ने सोमवार दोपहर नगर निगम दफ्तर पर हल्ला बोल प्रदर्शन का ऐलान किया था। कांग्रेस का यह पूरा प्रदर्शन कांग्रेस नेत्री रश्मि पवार के नेतृत्व में रखा गया था। प्रदर्शन से पहले ही कहा गया था कि नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन देने के बाद कांग्रेस जंगी प्रदर्शन करेगी।

नगर निगम कार्यालय के बाहर पुलिस से बहस करते कांग्रेसी, इसके बाद पुलिस को उन पर काबू पाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा
कांग्रेसियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
तय कार्यक्रम के दौरान सौ से डेढ़ सौ कार्यकर्ता रश्मि पवार के नेतृत्व में नगर निगम दफ्तर की ओर बढ़े, लेकिन दफ्तर से 100 मीटर दूर तरण पुस्कर के पास ही पुलिस ने बैरीकेड्स लगा दिए थे। बैरीकेड्स देखकर कांग्रेसी बौखला गए। पहले रास्ता रोकने पर मुंहबाद हुआ। इसके बाद कांग्रेसियों ने बैरीकेड्स को धक्का देकर आगे जाने का प्रयास किया। पुलिस ने काफी समझाया, लेकिन कांग्रेसी बैरीकेड्स पर चढ़कर आगे जाने लगे। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस ने लाठियां निकालकर कांग्रेसियों पर लाठियां चलाना शुरू कर दीं। सड़क पर उनको दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस दौरान किसी ने बहस की तो उसे हिरासत में ले लिया गया। उस समय तो कांग्रेसी भाग गए, पर पांच मिनट बाद फिर कांग्रेसी वहां एकत्रित हो गए। इस बार महिला नेता और कार्यकर्ता सबसे आगे थीं। जिस कारण पुलिस लाठी नहीं चला सकी। बैरीकेड्स पर महिलाएं चढ़ गईं।
वॉटर केनन से खदेड़ा
जब महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता बैरीकेड्स पर चढ़ गई तो पुलिस ने वॉटर केनन का उपयोग किया। पानी की तेज धार से बैरीकेड्स पर चढ़े लोग नीचे गिरे और भाग गए। करीब एक घंटे तक यह हंगामा चला। जिस कारण नगर निगम में रोज के काम से आने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई।