टीम इंडिया ने चेन्नई में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 317 रनों से मात देकर पहले टेस्ट मैच में की हार का बदला ले लिया है. दूसरे टेस्ट मैच में जीत के साथ ही विराट के धुरंधरों ने चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है. सीरीज का अगला मैच 24 फरवरी से अहमदाबाद के नए मोटेरा स्टेडियम में खेला जाएगा. ये मैच डे नाइट टेस्ट मैच होगा, जो पिंक बॉल से खेला जाएगा. भारत ने पहले पारी में 329 रन बनाए थे, जवाब में इंग्लैंड की टीम पहले पारी में 134 रनों पर ऑलआउट हो गई थी. इसके बाद भारत ने दूसरी पारी में 286 रन बनाकर इंग्लैंड को जीत के लिए 482 रनों का लक्ष्य दिया. बड़े स्कोर के आगे इंग्लैंड ने घुटने टेक दिए और भारत ने जीत दर्ज कर ली. टीम इंडिया की ये जीत बेहद खास रही जो लंबे समय तक इंग्लैंड को भी याद रहेगी. आइए एक नजर डालते हैं इस मैच के तीन बड़े टर्निंग पॉइंट्स पर:
रोहित शर्मा की वनडे स्टाइल में बैटिंग
चेन्नई टेस्ट मैच की पहली पारी में टीम इंडिया के टॉस जीतकर पहले बैटिंग की थी और बोर्ड पर 329 रन टांग दिए. ये सब मुमकिन हुआ रोहित शर्मा की वनडे स्टाइल में खेली गई 161 रनों की धमाकेदार पारी की बदौलत. पहली पारी में टीम इंडिया के 86 रन पर 3 विकेट गिरे चुके थे. कप्तान विराट कोहली भी शून्य पर आउट हो गए थे, लेकिन रोहित शर्मा एक छोर पर टिके रहे और 161 रनों की शानदार पारी खेली. रोहित शर्मा ने अपनी पारी में 18 चौके और 2 छक्के लगाए. रोहित ने इस दौरान चौथे विकेट के लिए टीम के उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे के संग 162 रनों की बेहतरीन साझेदारी की. इसी के साथ ही रोहित के नाम एक बड़ा रिकॉर्ड जुड़ गया था. रोहित शर्मा के नाम इंग्लैंड के खिलाफ क्रिकेट के तीनों ही फॉर्मेट में शतक बनाने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया. पहला टेस्ट 227 रन से हारने के बाद रोहित शर्मा की वजह से भारत की शुरुआत बेहतरीन रही थी.
अक्षर पटेल और आर अश्विन की घातक गेंदबाजी
दूसरे टेस्ट मैच में अक्षर पटेल और आर अश्विन की घातक गेंदबाजी के सामने अंग्रेज बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए. इस मैच में अक्षर पटेल ने डेब्यू करते हुए कुल 7 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा आर अश्विन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए मैच में कुल 8 विकेट झटके. अक्षर पटेल और आर अश्विन दूसरे टेस्ट मैच में हिट साबित हुई. चेन्नई में खेले गए पहले मैच में दोहरा शतक जड़ने वाले जो रूट भी इस मैच में फ्लॉप नजर आए.
आर अश्विन का बेहतरीन शतक
चेपॉक की जिस पिच को बल्लेबाजी के लिए मुश्किल माना जा रहा था. उस पर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने आठवें नंबर पर उतरकर सैकड़ा जड़ा और वाहवाही लूटी. दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया की तरफ से रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने 106 रनों की धमाकेदार पारी खेली और कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम किये. चेन्नई की जिस पिच पर दूसरी पारी में टीम इंडिया (Team India) के बल्लेबाज रन बनाने के लिए जूझ रहे थे, वहीं रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने बेहतरीन बल्लेबाजी से फैंस की वाहवाही लूटी. रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने 4 साल बाद टेस्ट में शतक लगाया. चेन्नई टेस्ट में अश्विन ने पहली पारी में 5 विकेट लिए थे, जबकि दूसरी पारी में शानदार शतक जड़ दिया. इसी के साथ ही अश्विन ने एक ही टेस्ट मैच में 5 विकेट और शतक जड़ने का कारनामा तीसरी बार किया है. एक ही टेस्ट मैच में 5 विकेट और शतक लगाने के मामले में अश्विन दुनिया के दूसरे ऑलराउंडर हैं. इस लिस्ट में इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर इयान बॉथम पहले स्थान पर हैं. इयान बॉथम ने ये कारनामा 5 बार किया है.