Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सीसीटीवी में कैद बदमाश युवक पर फायर करता नजर आया।
बाॅम्बे हॉस्पिटल सर्विस रोड पर स्थित एक होटल में देर रात एक युवक पर फायर किए जाने का मामला सामने आया है। युवक अपने दाेस्त से मिलने होटल अाया था, जहां दोनों हाथ में पिस्टल लिए एक बदमाश ने पहले उसके सिर पर पिस्टल से वार किया, जब वह बचकर भागा तो उस पर फायर कर दिया। इतना ही नहीं उसने धमकाते हुए पैर छूने को कहा। सूचना के बाद लसुड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और होटल से सीसीटीवी जब्त कर लिए। सीसीटीवी में बदमाश पिस्टल लिए नजर आ रहा है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फरियादी इशांक ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
पीड़ित की जुबानी पूरी कहानी…
पीड़ित इशांक मिश्रा ने कहा कि वह साेशल मीडिया मार्केटिंग का काम करता है। 18 फरवरी को शिवपुरी से मेरे दोस्त सिद्दार्थ सिंह चौहान और अमन खान आए हुए थे। मैं और मेरा दोस्त शशांक शेखर पिता अजीत कुमार सिह निवासी ग्राम इकडरवा गोपालगंज सिटी बिहार जो मेरे साथ में रहता है। हम दोनों होटल सिल्वर बाॅम्बे अस्पताल सर्विस रोड पर सिद्दार्थ और अमन से मिलने आए थे। दोस्तों से मिलने के बाद हम होटल से बाहर निकले ही थे कि तभी 30-35 साल का एक युवक जिसका नाम दीपक बताया जा रहा है, जो की हट्टा कट्टा था और उसने दाड़ी रख रखी थी। उसके हाथ में दो पिस्टल थी। अचानक उसने एक पिस्टल को मेरे पेट पर लगा दी, जबकि दूसरी पिस्टल का कुंदा मेरे सिर के पीछे रख मार दिया। मैंने जैसे-तैसे उससे छूटने की कोशिश और वहां से भागने लगा तो उसने पीछे से फायर कर दिया। गोली मेरे पास से निकल गई। मैं बचने के लिए पार्किंग की आेर भागा और एक कार के पीछे जाकर छिप गया। यहां से मैंने अपने दोस्त जो मेरे साथ में रहता है, उसको फोन किया। वह होटल से बाहर आया तो उस युवक ने उसकी छाती पर भी पिस्टल रख दी। इतना ही नहीं उसने तीन बार पिस्टल का ट्रिगर भी दबाया। पिस्टल में गोली नहीं होने से फायर नहीं हुआ और उसकी जान बच गई। इस पर उसने दोस्त से कहा – साले तू मुझे जानता नहीं है मेरे पैर छू। उसने उससे माफी मांगी। इसके बाद वह जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी सफेद रंग की कार जिसका नंबर MP09 WC3452 है, से भाग निकला। पुलिस ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिली थी, होटल से सीसीटीवी फुटेज भी लिए जा रहे हैं। पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है।

दोस्त को बचाने आए युवक पर भी बदमाश से फायर करने की कोशिश की।
यह आया सीसीटीवी में नजर…
एक सफेद कलर की कार होटल के बाहर आकर रुकती है। इसमें से एक 30-35 साल का युवक उतरता है। उसके दोनों हाथ में पिस्टल है। वह होटल की ओर आगे बढ़ता है और बाहर खड़े होटलकर्मी से कुछ बात करता है। इसके बाद वह भीतर चला जाता है। इसके बाद वह फायर करता है। जमीन पर गिरी गोली की खोल उठाकर अपने जेब में रख लेता है। इसी दौरान फरियादी तेजी से होटल के बाहर निकलता है और पार्किंग की ओर भागता है। इसके बाद पीछे से हाथ में पिस्टल लिए बदमाश भी आता है। इसके बाद वह बाहर खड़ा होकर पिस्टल लहराता है।