Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने कोरोना को लेकर समीक्षा बैठक की।
कोरोना का ख़तरा अभी समाप्त नहीं हुआ है। कोरोना वायरस के आरएनए में लगातार हो रहे बदलाव (म्यूटेशन) को दृष्टिगत रखते हुए चिकित्सा तंत्र को सक्रिय और अपडेट रखने के उद्देश्य से कोरोना के 100 सैंम्पल जीनोम अनुक्रमण के लिए इंदौर से नई दिल्ली भेज जाएंगे। यह जानकारी संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने शनिवार को दी। डॉ. शर्मा ने एमजीएम मेडिकल में कोरोना के 100 सैंपल परीक्षण के लिए नई दिल्ली भेजने की समीक्षा की।
संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने जिले में बढ़ रहे कोविड संक्रमण के मामलों को दृष्टिगत रखते हुए कोरोना के नए स्ट्रेन के संबंध में विश्लेषण के लिए 100 सैंपल नई दिल्ली भेजने के निर्देश दिए थे। ये सैंपल रोगियों की विभिन्न श्रेणी से लिए गए हैं। बैठक में डॉ. सलिल साकल्ले ने पिछले 6 दिनों में जिले में आए कोरोना के नए मामलों की मैपिंग का डाटा प्रस्तुत किया। साथ ही रीइन्फेक्शन के केस एवं संक्रमित हो चुके व्यक्तियों में एन्टी बॉडी लेवल के बारे में भी विस्तार में चर्चा की गई।
संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने जिले में वर्तमान में एक्टिव कोरोना केस में कितने व्यक्ति सिम्टोमेटिक हैं, कितने होम आइसोलेशन में हैं तथा कितने व्यक्ति अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं, इसकी जानकारी एकत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को मास्क के प्रयोग के लिए जागरूक एवं प्रेरित करने के लिए प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए।
संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने कहा कि कोविड वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए हम सभी का सतर्क एवं सजग रहना आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। इसलिए सतर्कता, संयम एवं सहयोग-3एस के सिद्धांत का पालन अनिवार्य रूप से करते हुए सभी व्यक्ति मास्क एवं सैनेटाइजर का प्रयोग तथा सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पालन नियमित करते रहें।
देर रात 131 नए मामल सामने आए
इंदौर में कोरोना का खतरा एक बार फिर से बढ़ने लगा है। पिछले एक सप्ताह से लगातार कोरोना मरीजों में वृद्धि हो रही है। शुक्रवार देर रात 1844 सैंपलों की जांच में 131 नए संक्रमित मिले थे। जबकि 1700 की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। जिले में अब तक 8 लाख 18 हजार 324 लोगों की जांच हो चुकी है। इसमें 58 हजार 621 संक्रमित मिले हैं। 57 हजार 142 जहां ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। वहीं, 929 मरीजों की जान जा चुकी है। अभी जिले में 550 एक्टिव मरीज हैं।