When Sunil Gavaskar fell in love with a fan who asked for his autograph

When Sunil Gavaskar fell in love with a fan who asked for his autograph


नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) ने अपने शानदार क्रिकेट करियर में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं. मैदान पर हमेशा अपने बल्ले से कमाल करने वाले गावस्कर ने टीम इंडिया को कई बार शानदार जीत दिलाने में अपनी अहम भूमिका निभाई है. वैसे गावस्कर का सिर्फ खेल ही दिलचस्प नहीं था बल्कि उनकी लव स्टोरी भी काफी जुदा और फिल्मी रही है.

सुनील गावस्‍कर पहली ही नजर में मार्शलीन को अपना दिल दे बैठे थे. ये बिल्कुल वैसा ही था जैसे, हीरो ने हीरोइन को देखा और हवा में वाइलन बजने लगे. गावस्कर ने भी मार्शलीन को पहली बार देखते ही उन्हें अपना जीवन साथी बनाने का फैसला कर लिया था. जैसे हीरोइन का दिल जीतने के लिए फिल्म में हीरो, उसके घर के चक्कर काटता है, वैसे ही गावस्कर ने भी मार्शलीन के लिए किया. बड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने मार्शलीन से अपने दिल की बात कही थी.  

दरअसल, ये बात है साल 1973 की है जब दिल्ली में सुनील गावस्कर और मार्शनील की पहली मुलाकात हुई थी, उस वक्त कानपुर की रहने वाली मार्शनील दिल्‍ली के लेडी श्रीराम कॉलेज में बीए कर रही थीं और गावस्कर अपने मैच के सिलसिले में वहां पहुंचे थे. मार्शनील उस वक्त दिल्ली में हो रहे मैच को देखने स्टेडियम पहुंची थीं. लंच के वक्त गावस्‍कर स्‍टूडेंट्स गैलेरी में खड़े थे कि तभी मार्शनील ऑटोग्राफ लेने के लिए उनके पास पहुंच गईं, बस फिर क्या था मार्शनील की खूबसूरत आंखों में गावस्कर ऐसे खोए कि ऑटोग्राफ के साथ-साथ अपना दिल भी दे बैठे.

ऑटोग्राफ लेकर मार्शनील वहां से चली गईं और साथ में गावस्कर का दिल भी ले गईं. गावस्कर ने भी तेजी दिखाई और बिना वक्त गवांए उस हसीना के बारे में पता लगाने में लग गए. खबरों की मानें तो मार्शनील की पहली नजर ने सुनील गावस्कर पर ऐसा असर किया कि वो उनके बारे में पता लगाने के लिए कानपुर तक चले गए थे. शुरुआत में उन्होंने अपने दोस्तों को भी मार्शनील के बारे में कुछ नहीं बताया था. वो कानपुर में अपने दोस्त के पास रुकते थे, इतना ही नहीं गावस्कर ने मार्शनील की गलियों के भी खूब चक्कर काटे.

अब घर का पता तो चल गया. फिर बारी आई परिवार से बात करने की, जिसके लिए उन्होंने कानपुर टेस्‍ट के दौरान मार्शनील और उनके पूरे परिवार को मैच देखने के लिए इनवाइट किया. जब मैच खत्‍म हुआ तो लिटिल मास्‍टर ने सबके सामने अपना हाल बयां कर दिया. फिर क्या था, मार्शलीन और उनका परिवार भी खुशी-खुशी इस रिश्ते के लिए राजी हो गया. जिसके बाद मार्शनील और सुनील गावस्कर ने दोनों परिवारों के आशीर्वाद के साथ 23 सितंबर 1974 को शादी कर ली. साल 1976 में दोनों एक बेटे रोहन गावस्कर के माता-पिता बने. आज 46 साल के बाद भी ये कपल एक-दूसरे से उतनी ही मोहब्बत करता है जितनी कि तब 4 दशक पहले किया करता था.





Source link