- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- A Few Days Before Death, The Application Given In The Police Station Was Taken Under Surveillance, The Moneylenders Were Being Summoned In The Police Station.
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर22 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
प्रतीकात्मक फोटो
- सूदखोरों से परेशान होकर पान व्यवसायी ने छत से कूदकर की थी खुदकुशी
- किसी ने 30 तो किसी ने 40 प्रतिशत पर दे रखा था ब्याज
सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर छत से कूदकर खुदकुशी करने वाले पान व्यवसायी के मामले में पुलिस ने सूदखोरों को थाने तलब किया है। मौत से चार दिन पहले थाने में दिए गए शिकायती आवेदन को भी निगरानी में लिया है। जिन 14 लोगों के नाम उसमें लिखे हैं सभी को थाने बुलाया जा रहा है। साथ ही आवेदन और सुसाइड नोट की हैंड राइटिंग को भी मिलाया जा रहा है। व्यापारी के परिवार वालों के भी बयान पुलिस ने बुधवार को लिए हैं।
यह था मामला
23 फरवरी दोपहर निंबालकर की गोठ निवासी पान व्यवसायी 59 वर्षीय कन्हैयालाल राठौर ने अपने भाई के मकान की तीसरी मंजिल की छत से कूदकर जान दे दी थी। व्यापारी की मौत के बाद उनके लिखे सुसाइड नोट से मौत के कारणों का खुलासा हुआ था। उन्होंने 14 लोगों से पैसा लेना और मूल से ज्यादा चुकाने के बाद भी लाखों रुपए का बकाया होने का जिक्र किया था। यह लोग हर दिन ब्याज मांगने के साथ ही व्यापारी को परेशान कर रहे थे। इसी प्रताड़ना से तंग आकर व्यापारी कन्हैयालाल राठौर ने छत से कूदकर जान दे दी थी।
अब मामले में क्या
इस मामले में एएसपी हितिका वसल ने बताया कि बुधवार को मृतक व्यापारी के परिवार वालों को थाने बुलाया था। उनसे पूरी घटना जानी है। उन्होंने भी खुलकर कुछ लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। वही नाम व्यापारी द्वारा कुछ दिन पहले थाने में की गई शिकायत में शामिल हैं। अब जिनके नाम शिकायत में सामने आए हैं उन सभी को थाने तलब किया जा रहा है। उनसे भी पूछताछ की जाएगी। साथ ही शिकायती आवेदन और घर से मिले सुसाइड नोट की हैंड राइटिंग मिलाई जाएगी। इसके बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
सूदखोर कर देते हैं खुदकुशी पर विवश
बीते एक साल में 4 से 5 लोगों की खुदकुशी के पीछे ब्याज पर पैसा लेना और बाद में सूदखोरों द्वारा परेशान करना आया है। इस मामले में भी मृतक ने सुसाइड नोट में सूदखोरों द्वारा परेशान करने का जिक्र किया है। सुसाइड नोट में तपन पवार, प्रसन्न अग्रवाल, राहुल शर्मा, बंटी राणा, भूपेंद्र श्रीवास्तव, सनी गुप्ता, यशपाल राणा, गिर्राज अग्रवाल, शुभम लहरिया, मयंक, राजेश सिंधी, बेटू भदौरिया, राजेश गुप्ता द्वारा प्रताड़ित करने का जिक्र किया था। बताया जाता है कि इनमें से किसी ने 30 तो किसी ने 40 प्रतिशत पर ब्याज से पैसा दिया हुआ था।