नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में खेला गया. इस मैच में भारत ने इंग्लैंड को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी. सीरीज के आखिरी टेस्ट से पहले भारत के लिए एक बुरी खबर आई है. टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने निजी कारणों के चलते चौथे टेस्ट से अपना नाम वापस ले लिया है. ऐसे में इस बात पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि टीम में उनकी जगह कौन लेगा.
चौथा टेस्ट नहीं खेलेंगे जसप्रीत बुमराह
अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में खेला जाना वाला चौथा टेस्ट बेहद अहम है क्योंकि अगर भारत ये मैच जीतता है तो सीरीज पर कब्जा जमा लेगा. लेकिन उससे पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ये मैच नहीं खेल पाएंगे. दरअसल जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) को निजी कारणों से गुरूवार से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रहे चौथे क्रिकेट टेस्ट के लिए भारतीय टीम से रिलीज किया गया है.
सिराज को मिल सकता है मौका
जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) की जगह चौथे टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) को मौका दिया जा सकता है. बुमराह चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं और उनकी जगह सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है. सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में मिली सीरीज जीत में शानदार प्रदर्शन किया था.
उमेश यादव को भी मिल सकता मौका
चौथे टेस्ट के लिए भारतीय टीम में सीनियर तेज गेंदबाज उमेश यादव (Umesh Yadav) को भी जगह दी जा सकती है. पिछले तीन साल में भारतीय पिचों पर उमेश यादव का स्ट्राइक रेट रविचंद्रन अश्विन (R Ashwin) से भी बढ़िया रहा है. उमेश हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में चोटिल होकर टीम से बाहर हो गए थे. लेकिन अब उमेश पूरी तरह फिट हैं और टीम में वापसी करने को तैयार हैं.
भारत ने दो दिन में जीता मैच
भारत ने इंग्लैंड को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narender Modi Stadium) में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में 10 विकेट से करारी मात दी. भारत ने ये मैच सिर्फ दो दिन में अपने नाम किया. इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और उनकी पहली पारी 112 रनों पर सिमट गई. जवाब में भारत भी पहली पारी में सिर्फ 145 रन ही बना पाया. दूसरी पारी में इंग्लैंड की हालत और खराब दिखा और उनकी पूरी टीम सिर्फ 81 रनों पर ऑल आउट हो गई. भारत को इस मैच को जीतने के लिए सिर्फ 49 रनों का टारगेट मिला, जिसे उसने बिना किसी विकेट गंवाए हासिल कर लिया. भारत अब इस सीरीज में 2-1 से आगे है.