आर अश्विन मौजूदा सीरीज में सबसे ज्यादा 24 विकेट ले चुके हैं.
भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट 4 मार्च से मोटेरा स्टेडियम में शुरू हो रहा है. एक बार फिर हमारे स्पिन गेंदबाजों पर ही नजर होगी. वे घर में हमेशा इंग्लिश बल्लेबाजों पर भारी पड़े हैं.
मोटेरा में हुए पिंक बॉल टेस्ट को लेकर पिच पर सवाल उठाए जा रहे थे. लेकिन भारत में इंग्लिश टीम का प्रदर्शन स्पिन के खिलाफ हमेशा से खराब रहा है. टीम ने भारत में अब तक कुल 63 टेस्ट खेले हैं. हमारे स्पिनर्स ने इन 63 मैचों में से 16 मैच में 15 से अधिक विकेट लिए हैं. यानी एक चौथाई मैच में इंग्लिश टीम के 75 फीसदी विकेट स्पिनर्स ने झटके हैं. जनवरी 1973 में चेन्नई में हुए टेस्ट के मैच में सभी 20 विकेट स्पिन गेंदबाजों को मिले थे. मैच में बिशन सिंह बेदी ने 6, चंद्रशेखर ने 7, इरापल्ली प्रसन्ना ने 6 और सलीम दुरानी ने एक विकेट लिया था. इसके अलावा चार बाद स्पिनर्स ने मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 19 विकेट झटके. इसमें मोटेरा में खेला गया अंतिम टेस्ट भी शामिल है.
इंग्लैंड के खिलाफ टॉप-5 सफल गेंदबाजों में 4 स्पिनर्स
घर में हुए टेस्ट के रिकॉर्ड को देखे को इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाजों की लिस्ट में चार स्पिन गेंदबाज हैं. ऑफ स्पिनर आर अश्विन टॉप पर हैं. उन्होंने 12 मैच में 66 विकेट लिए हैं. लेग स्पिनर भागवत चंद्रशेखर 64 विकेट के साथ दूसरे, लेग स्पिनर अनिल कुंबले 56 विकेट के साथ तीसरे, बाएं हाथ के स्पिनर बिशन सिंह बेदी 50 विकेट के साथ चौथे और तेज गेंदबाज कपिल देव 42 विकेट के साथ पांचवें नंबर पर काबिज हैं.मौजूदा सीरीज के टॉप-5 में सिर्फ स्पिन गेंदबाज
मौजूदा सीरीज की बात की जाए तो सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाजों ने सभी स्पिन गेंदबाज हैं. इसमें भारत के तीन और इंग्लैंड के दो गेंदबाज शामिल हैं. आर अश्विन 3 मैच में 24 विकेट के साथ शीर्ष पर काबिज हैं. बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल ने 18, बाएं हाथ के स्पिनर जैक लीच ने 16, ऑफ स्पिनर मोईन अली ने 8 और इंग्लिश कप्तान व पार्ट टाइम ऑफ स्पिनर जो रूट ने 6 विकेट लिए हैं.