Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
सागर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बच्चों के साथ SP ऑफिस आकर प्रताड़ना का मामला दर्ज करने की मांग करती सरस्वती।
- जैसीनगर के सेवन खुर्द गांव का मामला, महिला ने SP से की शिकायत
- महिला ने कहा 6 बच्चे हैं, पति की मौत के बाद उनका भरण पोषण कैसे करूं?
जैसीनगर के सेवन खुर्द गांव की महिला ने अपने ससुर, जेठ व देवर पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। महिला ने SP से मामले की शिकायत कर ससुर, जेठ, देवर और देवरानी पर कार्रवाई करने की मांग की है। महिला का कहना है कि अपने पिता व भाईयों की प्रताड़ना के चलते उसके पति ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली थी। उसके पति अपने पिता व भाईयों से जमीन का हिस्सा मांगते थे। इसके चलते वे तीनों मिलकर उसके पति रामस्वरूप प्रजापति को प्रताड़ित करते थे। जैसीनगर से आई सरस्वती प्रजापति ने बताया कि उसकी 5 लड़कियां व एक लड़का है। पति रामस्वरूप मजदूरी कर बड़ी मुश्किल से उनका पालन-पोषण करते थे। वे अक्सर अपने पिता व भाईयों से जमीन का बंटवारा करने की मांग करते थे, लेकिन वे बंटवारा नहीं कर रहे थे। इस बात को लेकर ससुर लच्छु प्रजापति, जेठ रमेश और देवर रामकरण उसके पति रामस्वरूप को बेवजह परेशान करते रहते थे। कहते थे कि एक इंच भी जमीन तुम्हें नहीं देंगे। तुम्हें जो दिखे वो कर लो। इसी बात को लेकर कई बार बहस भी होती थी। देवर रामकरण कई बार गालियां देकर मारपीट भी करते थे। रामकरण की पत्नी पप्पी प्रजापति भी अक्सर मुझे ताने मारती कि काम वाली बाई की जैसी तेरी स्थिति कर दूंगी। सरस्वती ने बताया कि पति रामस्वरूप उससे अक्सर कहते थे कि पिता व भाईयों की प्रताड़ना से बहुत परेशान हो गया हूं। अब जीने की इच्छा नहीं होती और इसी शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना के चलते 6 फरवरी को कीटनाशक पीकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। अब सरस्वती अपने बच्चों को लेकर सागर में रहकर मजदूरी कर रही है। उसने SP को दिए आवेदन में पिता, भाईयों व अपनी देवरानी पर प्रताड़ना का मामला दर्ज करने की मांग की है।