Road Safety World Series T20: युवराज सिंह ने की बेहतरीन गेंदबाजी (फोटो-न्यूज 18)
India Legends vs Bangladesh Legends- रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज (Road Safety World Series T20) में भारतीय लीजेंड्स के गेंदबाजों ने बांग्लादेश लीजेंड्स को महज 109 रनों पर ढेर कर दिया.
बांग्लादेश की ओर से नजीमुद्दीन ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए. उन्होंने 33 गेंदों में 8 चौके और एक छक्का लगाया. उनके अलावा दूसरा कोई बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका. बांग्लादेश के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और टीम 19.4 ओवर में ऑल आउट हो गई.
नजीमुद्दीन ने दी बांग्लादेश को अच्छी शुरुआत
रायपुर के शहीद वीर नाराणय सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश लीजेंड्स के कप्तान मोहम्मद रफीक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी. टीम को नजीमुद्दीन और जावेद ओमार ने अच्छी शुरुआत दी. खासतौर पर नजीमुद्दीन बेहद आक्रामक मूड में दिखे. उन्होंने टीम के स्कोर को 59 रनों तक पहुंचा दिया. लेकिन जैसे ही कप्तान सचिन ने स्पिनर्स को आक्रमण पर लगाया खेल पूरी तरह भारत लीजेंड्स की ओर मुड़ गया.भारत को पहली कामयाबी स्पिन गेंदबाज प्रज्ञान ओझा ने दिलाया. उन्होंने जावेद उमर को 12 रनों पर पैवेलियन की राह दिखाई. इसके बाद युवराज सिंह ने नजीमुद्दीन को बोल्ड कर भारत को बड़ा विकेट दिलाया. कप्तान मोहम्मद रफीक भी यूसुफ पठान की गेंद पर आउट हुए. 13वें ओवर में नफीस इकबाल भी ओझा का शिकार हो गए. 15वें ओवर तक बांग्लादेश ने हनन सरकार और अब्दुर रज्जाक का भी विकेट गंवा दिया. हनन को युवराज ने बोल्ड किया और रज्जाक 3 रन पर रन आउट हुए. अंत में भारतीय गेंदबाजों ने जबर्दस्त वापसी करते हुए बांग्लादेश लीजेंड्स को 109 पर ऑल आउट कर दिया.
Ind vs Eng: पुजारा बचे तो कोहली स्टोक्स के निशाने पर आ गए, नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
युवराज सिंह ने 2 विकेट लेने के साथ-साथ एक रन आउट भी किया. इनिंग ब्रेक के दौरान उन्होंने खुद के प्रदर्शन पर ही हैरानी जताई. उन्होंने कहा, ‘ मैं खुद से हैरान हूं. मुझे गेंदबाजी पर खुशी है और बांग्लादेश की साझेदारी तोड़ी. मैंने अच्छी गेंदबाजी की और रन आउट भी किया. सचिन तेंदुलकर अगर आपके कप्तान हैं तो आपको हर चीज पर काफी ध्यान देना होता है. मैं 2 हफ्तों से प्रैक्टिस कर रहा था.’