IND VS ENG: पंत ने ठोका शतक, भारत 89 रन आगे (फोटो-एपी)
ऋषभ पंत ने चौथे टेस्ट के दूसरे दिन 101 रनों की बेहतरीन पारी खेली, वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 60 रन बनाकर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेला
इंग्लैंड ने पहले दो सेशन में शानदार खेल दिखाया. खासतौर पर बेन स्टोक्स ने बेहतरीन गेंदबाजी कर विराट कोहली और रोहित शर्मा के विकेट चटकाए. रोहित शर्मा ने बेहतरीन पारी खेली और 144 गेंदों में 49 रन बनाए. हालांकि कप्तान विराट कोहली खाता नहीं खोल सके और 0 पर आउट हुए. रहाणे को अच्छी शुरुआत मिली लेकिन उनकी पारी एंडरसन ने 27 रन पर खत्म कर दी. रविचंद्रन अश्विन ने 13 रनों की पारी खेली.
भारत का टॉप ऑर्डर फ्लॉप
खेल के दूसरे दिन इंग्लैंड (India vs England) ने भारतीय बल्लेबाजों को बांधे रखा. आक्रामक शॉट खेलने वाले रोहित शर्मा भी बेहद रक्षात्मक दिखे. इस बीच जैक लीच ने सबसे पहले पुजारा को 17 रन पर आउट किया. इसके बाद भारत को दिन का दूसरा सबसे बड़ा झटका विराट कोहली के तौर पर लगा. उन्हें स्टोक्स ने बेहतरीन शॉर्ट गेंद पर पैवेलियन की राह दिखाई. रहाणे और रोहित ने अच्छी साझेदारी बनाने की कोशिश की, लेकिन इनके 39 रन तक पहुंचते ही एंडरसन ने रहाणे को पैवेलियन लौटा दिया. इसके बाद रोहित शर्मा भी 49 रन बनाकर आउट हो गए. अश्विन की पारी भी 13 रन पर जैक लीच ने समाप्त की.Ind vs Eng: पुजारा बचे तो कोहली स्टोक्स के निशाने पर आ गए, नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
पंत और वॉशिंगटन ने ‘सुंदर’ साझेदारी की
भारत ने एक वक्त पर 6 विकेट 146 रनों पर गंवा दिये थे और वो बेहद मुश्किल में दिख रहा था लेकिन इसके बाद ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर जैसे युवा खिलाड़ियों ने टीम को संभाला. दोनों खिलाड़ियों ने पहले क्रीज पर पांव जमाए और उसके बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों पर धावा बोल दिया. दोनों ने सातवें विकेट के लिए 113 रनों की बेहतरीन साझेदारी की. खासतौर पर पंत ने अपना जलवा दिखाते हुए पहले 88 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और उसके बाद उन्होंने 115 गेंदों में अपने करियर का तीसरा शतक ठोक दिया. पंत ने जो रूट की गेंद पर छक्का लगाकर सैकड़ा लगाया. हालांकि पंत 101 रन बनाकर एंडरसन का शिकार हो गए. वॉशिंगटन सुंदर ने क्रीज पर पांव जमाकर रखे और 96 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया.