मॉल, कॉर्पोरेट्स, मार्केट कॉम्प्लेक्स, सिनेमा हॉल और होटल परिसर में भी चार्जिंग स्टेशन होंगे स्थापित.
Electric Vehicles: दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत (Kailash Gahlot) ने कहा है कि सरकार ने ईवी (E-vehicles Policy) के आसान बदलाव का रास्ता तैयार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. मॉल, कॉर्पोरेट्स, मार्केट कॉम्प्लेक्स, सिनेमा हॉल, होटल को इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और अपने परिसर में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए सरल नियम बनाए हैं.
इन जगहों पर भी सब-मीटर लगा सकते हैं
बता दें कि पिछले दिनों ही दिल्ली विद्युत नियामक आयोग (डीईआरसी) ने एक नीति को अधिसूचित किया है, जिसमें होटल, मॉल, वाणिज्यिक भवन में ईवी चार्जिंग सुविधा के लिए सब-मीटर लगा सकते हैं और ईवी टैरिफ दर इन पर लागू होगी. परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि मैं हितधारकों से अपील करता हूं कि ev.delhi.gov.in/Pledge पर जाकर स्विच दिल्ली प्रतिज्ञा लें. जनता को ईवीएस पर स्विच करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए आगे आएं. दिल्ली को साफ-सुथरा बनाने के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का संकल्प लें.
होटल, मॉल, वाणिज्यिक भवन में ईवी चार्जिंग सुविधा के लिए सब-मीटर लगा सकते हैं.
डीईआरसी ने दरों में कटौती की
राष्ट्रीय राजधानी में ईवी को अपनाने और प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए डीईआरसी ने ईवीएस चार्ज करने के लिए दरों में कटौती की है. गहलोत के मुताबिक आवासीय चार्जिंग स्टेशन को 4.5 रुपए के हिसाब से भुगतान करना होगा क्योंकि लो टेंशन विद्युत आपूर्ति हैं. हाई टेंशन वाले सार्वजनिक चार्जिंग स्थान पर 4 रुपए की दर से भुगतान करना होगा. यह टैरिफ लोगों को आकर्षित करेंगे. देश भर में ईवी चार्ज करने के लिए दिल्ली में सबसे कम टैरिफ है, जिससे ईवी खरीदने वाले दिल्लीवालों की जेब पर बोझ नहीं पड़ेगा.
चार्जिंग स्टेशन यहां देख सकते हैं
गहलोत के मुताबिक, स्विच दिल्ली अभियान के पांचवे सप्ताह में प्रवेश में हम दिल्ली में होने चार्जिंग ढांचे को लेकर जागरूकता पैदा करेंगे. दिल्ली में पहले से ही भारत के किसी भी शहर के मुकाबले सबसे अधिक 72 चार्जिंग स्टेशन हैं. दिल्लीवासी ईवी की वेबसाइट ev.delhi.gov.in पर राष्ट्रीय राजधानी में सूची और चार्जिंग स्थान देख सकते हैं. दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि शहर में हर 3 किमी पर चार्जिंग स्टेशन हो.
दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने चार पहिया वाहनों के मालिकों से इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने की अपील की है.
ये भी पढ़ें: केजरीवाल सरकार अतिक्रमण और अवैध कब्जा को लेकर सख्त, अब होगी ये कार्रवाई
गौरतलब है कि स्विच दिल्ली दिल्ली सरकार द्वारा एक आठ सप्ताह का जन जागरूकता अभियान है. दिल्लीवासी को पर्यावरण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों में स्विच करने के फायदों के बारे में जागरूक किया जा सके. साथ ही उन्हें दिल्ली की ईवी नीति के तहत विकसित किए जा रहे प्रोत्साहनों और बुनियादी ढांचे के बारे में संवेदनशील बनाया जा सके. इस अभियान का उद्देश्य दिल्ली में प्रत्येक व्यक्ति को प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों से शून्य उत्सर्जन वाले इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने के लिए बताना, प्रोत्साहित करना और प्रेरित करना है.