TOP 10 Sports News: (फोटो-कुलदीप यादव इंस्टाग्राम)
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है, साथ ही आईपीएल 2021 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के एक खिलाड़ी ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया, जानिये 10 मार्च की 10 बड़ी खबरें (TOP 10 Sports News)
नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड सीरीज से पहले टीम इंडिया के खेमे से बड़ी खबर सामने आई है. उपकप्तान रोहित शर्मा ने हार्दिक पंड्या पर बड़ी जानकारी दी है. साथ ही आईपीएल 2021 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के एक विदेशी खिलाड़ी ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया. विकेटकीपर ऋषभ पंत एक बार फिर सुर्खियों में हैं उन्होंने आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में अभूतपूर्व कारनामा कर दिखाया है. जानिये खेल जगत की 10 बड़ी खबरें
आईपीएल 2021 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को बड़ा झटका लगा. ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर जोश फिलीपी ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है. कारणों का खुलासा नहीं हुआ है लेकिन आरसीबी ने उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ फिन एलेन को टीम में शामिल किया है.
टीम इंडिया के विकेटकीपर ऋषभ पंत ने इतिहास रच दिया है. बुधवार को जारी हुई आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पंत 7वें नंबर पर पहुंच गए. वो भारत के पहले विकेटकीपर हैं जिसने टेस्ट रैंकिंग में टॉप 10 में जगह बनाई है. पंत अब रोहित शर्मा की बराबरी पर पहुंच गए हैं. आर अश्विन भी टेस्ट रैंकिंग में नंबर 2 पर पहुंच गए हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया रैंकिंग में नंबर 2 पर पहुंच गई है.बता दें टीम इंडिया के पास इंग्लैंड को हराकर नंबर 1 टी20 टीम बनने का मौका है. अगर टीम इंडिया इंग्लैंड को 4-1 के अंतर से हराती है तो वो नंबर 1 स्थान पर पहुंच जाएगी.
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले रोहित शर्मा ने जानकारी दी कि हार्दिक पंड्या अब गेंदबाजी भी करते दिखेंगे. रोहित शर्मा ने कहा कि पंड्या बतौर ऑलराउंडर खेलने को तैयार हैं और उन्होंने कमर की चोट के बाद अपनी गेंदबाजी पर काम किया है. बता दें पंड्या ने अपने गेंदबाजी एक्शन में बदलाव भी किया है.
भारत के उप कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को कहा कि टीम इंग्लैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की श्रृंखला को इस साल स्वदेश में होने वाले टी20 विश्व कप के ड्रेस रिहर्सल के रूप में नहीं देख रहे हैं और उसका ध्यान जीत पर लगा है. रोहित ने शुक्रवार को होने वाले मैच से पहले कहा, ‘हम इसे किसी तरह की रिहर्सल के तौर पर नहीं देखेंगे. हम इतने आगे के बारे में नहीं सोच रहे हैं और केवल श्रृंखला जीतने पर ध्यान दे रहे हैं.’
भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने एक इंटरव्यू में कहा कि इंग्लैंड टी20 सीरीज के बाद उन्हें टी20 वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ी मिल जाएंगे. राठौर ने इस सीरीज को टी20 वर्ल्ड कप के लिहाज से बेहद अहम बाताया. अक्टूबर में भारत में ही टी20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा.
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने विजडन को दिये इंटरव्यू में कहा कि इस्लाम कबूलने के बाद उनके खेल में जबर्दस्त सुधार हुआ था. बता दें यूसुफ ने 2005 में ईसाई धर्म छोड़ इस्लाम कबूला था. साल 2006 में यूसुफ ने 99.33 की औसत से 1788 रन बना डाले, जिसमें रिकॉर्ड 9 शतक शामिल थे.
चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने बुधवार को नेट्स पर पसीना बहाया. धोनी की बल्लेबाजी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए जिसमें वो अलग अंदाज में बल्लेबाजी करते दिख रहे हैं. धोनी ने अपने बैटिंग स्टांस में थोड़ा बदलाव किया है.
रोड सेफ्टी सीरीज के 10वें मैच में श्रीलंका लीजेंड्स ने बांग्लादेश लीजेंड्स पर एकतरफा जीत हासिल की. श्रीलंका लीजेंड्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 180 रन बनाए, जवाब में बांग्लादेश लीजेंड्स की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 138 रन ही बना सकी और 42 रनों से मैच हार गई.
थामस बाक को बुधवार को चार साल के कार्यकाल के लिये अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) का फिर से अध्यक्ष चुना गया और उनका ध्यान इस साल होने वाले तोक्यो खेलों पर होगा. जर्मनी के इस वकील को निर्विरोध चुना गया और उन्होंने 93-1 से जीत हासिल की. चार सदस्यों ने खुद को मतदान से अलग रखा.