Vijay Hazare Trophy 2021: पृथ्वी शॉ ने कर्नाटक के खिलाफ जड़ा ताबड़तोड़ शतक, खटखटाया टीम इंडिया का दरवाजा

Vijay Hazare Trophy 2021: पृथ्वी शॉ ने कर्नाटक के खिलाफ जड़ा ताबड़तोड़ शतक, खटखटाया टीम इंडिया का दरवाजा


नई दिल्ली. विजय हजारे ट्रॉफी वनडे चैंपियनशिप (Vijay Hazare Trophy 2021) के सेमीफाइनल में मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) ने कर्नाटक के खिलाफ 79 गेंदों में ताबड़तोड़ शतक जड़ा है. इस टूर्नामेंट में शॉ का यह चौथा शतक है. उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 12 चौके और तीन छक्के लगाए हैं. शॉ की इस पारी से इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम में जगह बनाने का उनका दावा मजबूत हो गया है. शॉ इस सीजन में अब तक 690 से ज्यादा रन बना चुके हैं.

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल सिर्फ 6 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आउट हो गए. शुरुआत में संभल कर खेल रहे पृथ्वी शॉ ने दूसरे विकेट के लिए आदित्य तारे के साथ 71 रनों की साझेदारी जिसमें तारे का योगदान सिर्फ 16 रनों का रहा. खबर लिखे जाने तक मुंबई की टीम ने 27 ओवर में दो विकेट खोकर 153 रन बना लिए हैं.

बता दें कि मुंबई की अगुआई कर रहे पृथ्वी ने पुडुचेरी के खिलाफ ग्रुप चरण के मैच में नाबाद 227 रन की पारी खेली थी, जो टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर है. मंगलवार को पृथ्वी ने लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी भारतीय द्वारा लिस्ट ए मैच में सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड बनाया, जब उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में नाबाद 185 रन की पारी खेली. पृथ्वी ने इस दौरान महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा.

मुंबई की प्लेइंग 11-पृथ्वी शॉ (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, आदित्य तारे, शम्स मुलानी, धवल कुलकर्णी, प्रशांत सोलंकी, सरफराज खान, तुषार देशपांडे, तनुष कोटियान, अमन हाकिम खान और शिवम दुबे.कर्नाटक की प्लेइंग 11-रविकुमार समर्थ (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, मनीष पांडे, प्रसिद्ध कृष्णा, रोनित मोरे, श्रेयस गोपाल, करुण नायर, कृष्णप्पा गौतम, कृष्णमूर्ति सिद्धार्थ, विजयकुमार, बीआर शरथ.





Source link