Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भांडेर/उनाव/दतिया16 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
गुरुवार शाम 4 बजे उनाव-झांसी बॉर्डर पहुज नदी पर पेट्रोल भरवाकर लाते कुम्हरिया के किसान रामकुमार।
- क्योंकि झांसी में पेट्रोल 10.57 रुपए और डीजल 8.46 रुपए प्रति लीटर सस्ता
- उनाव में बंद हो गया एक पेट्रोल पंप, बाकी पेट्रोल पंप पर भी बिक्री तीन से चार गुना घटी
उत्तरप्रदेश के झांसी की सीमा से सटे दतिया और भांडेर के पेट्रोल पंप पर बिक्री तीन से चार गुना घट गई है। कस्बा उनाव का पेट्रोल पंप तो बंद ही हाे गया है क्योंकि मध्यप्रदेश की तुलना में उत्तरप्रदेश में पेट्रोल और डीजल सस्ता है। दतिया से तुलना करें तो झांसी में पेट्रोल 10.57 रुपए और डीजल 8.46 रुपए प्रति लीटर सस्ता है।
ऐसे में दतिया और भांडेर के लोग ट्रैक्टर, मेटाडोर और बाइकों पर 50-50 लीटर के ड्रम लेकर जा रहे हैं और झांसी जिले के नजदीकी पेट्रोल पंप से पेट्रोल-डीजल भरवाकर ला रहे हैं। यह पेट्रोल-डीजल सिर्फ अपने लिए ही नहीं लाते, बल्कि यहां कम दाम में अवैध तरीके से बेच भी रहे हैं। जिले में 40 पेट्रोल पंप हैं। इनमें दतिया शहर में और शहर के नजदीक 10 पंप हैं। वर्तमान में ये सभी पेट्राेल पंप घाटे में हैं। पांच साल पहले तक एक पेट्रोल पंप पर एक दिन में कुल पांच हजार लीटर पेट्रोल-डीजल की बिक्री होती थी जो अब एक हजार लीटर से भी नीचे आ गई है। वहीं झांसी सीमा में उत्तरप्रदेश के पेट्रोल पंप पर बिक्री चार गुना बढ़ी है।
झांसी में दतिया की सीमा के नजदीक एक पेट्रोल पंप पर दिनभर में 7 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल की बिक्री होती है जिसमें से पांच हजार लीटर अकेले दतिया के लोग खरीदते हैं। दतिया में 70 प्रतिशत लोग यूपी से पेट्रोल-डीजल खरीदकर ला रहे हैं। इसी प्रकार उनाव में 75 प्रतिशत और भांडेर में 65 प्रतिशत लोग यूपी के पेट्रोल पंपों से पेट्रोल-डीजल ला रहे हैं।
पेट्रोल पंप यूनियन सौंप चुका है ज्ञापन, कार्रवाई नहीं
दतिया की सीमा से सटे यूपी के पेट्रोल पंप से पेट्रोल डीजल की जिले के अंदर आवक रोकने के लिए पेट्रोल पंप यूनियन ने अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल के नेतृत्व में मंगलवार को एक ज्ञापन एसपी कार्यालय में दिया गया था। यूनियन ने यूपी से आने वाले पेट्रोल डीजल पर रोक लगाने की मांग की थी लेकिन तीन दिन बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
80 लीटर डीजल पर कुम्हरिया के किसान ने बचाए 714 रुपए
दैनिक भास्कर के उनाव संवाददाता गुरुवार की शाम 4 बजे उनाव-झांसी बॉर्डर पर नदी की पुलिया पर खड़े थे, तभी बाइक पर तीन ड्रमों में डीजल भरकर आ रहा कुम्हरिया का एक किसान निकला। किसान ने पूछने पर बताया कि इन दिनों गेहूं की फसल में अंतिम पानी लग रहा है। ऐसे में पंप चलाने के लिए डीजल की जरूरत पड़ रही है।
डीजल यूपी के पेट्रोल पंप से खरीदकर लाते हैं। गुरुवार को वे तीनों ड्रमों में 81.38 रुपए के रेट से 80 लीटर डीजल 6510 रुपए में खरीदकर लाए। इतना ही डीजल दतिया के पेट्रोल पंप पर 7224 रुपए का खरीदना पड़ता। उन्होंने अपने गांव से 7 किमी की दूरी पर लगे पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर 714 रुपए बचाए, जबकि उनके आने जाने में 50 रुपए का भी खर्च नहीं आया।
आने जाने का खर्चा भी दे रहे यूपी के पेट्रोल पंप संचालक
दैनिक भास्कर ने यूपी से थोक में डीजल खरीदकर लाने वाले पेट्रोल-डीजल के बड़े व्यापारी से बात की तो उसने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यूपी में एमपी की तुलना में पेट्रोल-डीजल सस्ता तो है ही, साथ ही यूपी के पेट्रोल पंप 50 लीटर से अधिक डीजल खरीदने पर आने-जाने का खर्चा भी देते हैं। ऐसे में 50 लीटर डीजल खरीदने पर एक लीटर तेल आने जाने के खर्चे के रूप में मिलता है।
जिले की सीमा के नजदीक उप्र के 8 पेट्रोल पंप, दूरी 100 मीटर से कम
दतिया जिले की सीमा के नजदीक यूपी में आठ पंप हैं। इनमें 3 पंप ऐसे हैं जिनकी दूरी दतिया की सीमा से 100 मीटर से भी कम है। चिरूला के पास लगे पेट्रोल पंप से इंदरगढ़ तक के लोग पेट्रोल डीजल खरीदने जाते हैं। इसी तरह सिकंदरा के पास शिवपुरी-झांसी हाइवे पर लगे पेट्रोल पंप से न केवल उदगवां क्षेत्र बल्कि शिवपुरी जिले के भौंती, भांडेर के मोठ और चिरगांव रोड के पेट्रोल पंप से पूरा भांडेर क्षेत्र और कस्बा उनाव के पास लगे पेट्रोल पंप से उनाव, कामद, इमलिया समेत 20 गांव के लोग पेट्रोल डीजल खरीदने जाते हैं।
पेट्राेल-डीजल बाहर से आ रहा ताे कार्रवाई कराएंगे
- ज्ञापन तो मुझे नहीं सौंपा गया, लेकिन मैं एक बार सभी संबंधित थानों को बताकर चेक करवा लेता हूं। यदि पेट्रोल-डीजल बाहर से आ रहा है तो कार्रवाई कराएंगे। – कमल माैर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, दतिया