साराह टेलर ने 2019 में तनाव की वजह से अचानक 30 साल की उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. (Sarah Taylor/Twitter)
इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम की पूर्व विकेटकीपर साराह टेलर (Sarah Taylor) अब काउंटी क्रिकेट में कोचिंग देती नजर आएंगी. उन्हें ससेक्स (Sussex) ने अपने कोचिंग स्टाफ में जोड़ा है.
नई दिल्ली. इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम की पूर्व विकेटकीपर साराह टेलर (Sarah Taylor) अब काउंटी क्रिकेट में कोचिंग देती नजर आएंगी. उन्हें ससेक्स (Sussex) ने अपने कोचिंग स्टाफ में जोड़ा है. वो नए सीजन में पुरुष टीम के साथ काम करेंगी. अपने इस नए रोल को लेकर टेलर ने कहा कि ससेक्स टीम में अच्छे विकेटकीपर्स मौजूद हैं. मेरे लिए ये गर्व की बात है कि मैं उनके साथ काम करूंगी और अपने अनुभव और विशेषज्ञता का उनके खेल को और बेहतर करने में इस्तेमाल करूंगी. उन्होंने आगे कहा कि मैं बुनियादी खेल में सुधार लाने पर जोर दूंगी. ससेक्स के साथ टेलर की भूमिका काफी हद तक विकेटकीपिंग पर ही केंद्रित होगी.
टेलर ने 2019 में तनाव की वजह से अचानक 30 साल की उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. रिटायरमेंट से पहले उन्हें महिला क्रिकेट में सबसे बेहतर विकेटकीपर माना जाता था. रिकॉर्ड भी इसकी गवाही दे रहे हैं. वो वनडे और टी20 दोनों में विकेट के पीछे शिकार करने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 126 वनडे में विकेट के पीछे 136 शिकार किए. इसमें 85 स्टम्पिंग और 51 कैच हैं. उनसे आगे दक्षिण अफ्रीका की त्रिषा चेट्टी हैं. उन्होंने 116 वनडे में 161 शिकार किए हैं. वहीं, अगर टी20 की बात करें तो टेलर ऑस्ट्रेलिया की विकेटकीपर एलिसा हिली के बाद दूसरे पायदान पर हैं. टेलर ने 90 टी20 में 74 शिकार किए. इसमें 23 कैच और 51 स्टम्पिंग हैं. हिली ने अपने टी20 करियर में 115 मैच में विकेट के पीछे 93 शिकार किए.
टेलर इंग्लैंड के लिए वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी बल्लेबाजटेलर इंग्लैंड की तरफ से वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी बल्लेबाज हैं. उन्होंने 126 वनडे में 40 से ज्यादा की औसत से 4101 रन बनाए थे. सिर्फ चार्लोट एडवर्ड्स उनसे आगे हैं. एडवर्ड्स ने 191 वनडे में 5992 रन बनाए हैं. वो 2009 में इंग्लैंड की उस महिला टीम का हिस्सा भी रहीं थीं जिसने वनडे वर्ल्ड कप के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप भी जीता था.
साराह पुरुषों के ए-ग्रेड क्रिकेट मैच खेल चुकी हैं
टेलर इंग्लैंड के घरेलू सीनियर मेंस क्रिकेट भी खेल चुकी हैं. उन्होंने बर्मिंघम प्रीमियर लीग में वॉल्मले क्लब के लिए डेब्यू किया था. उसी साल साराह ऑस्ट्रेलिया में पुरुषों के ए-ग्रेड क्रिकेट मैच में खेलने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं थी. सारा ने 2015 में दो दिवसीय ए ग्रेड मैच खेला था.