इंग्लैंड के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और क्रुणाल पंड्या को मिल सकता है मौका

इंग्लैंड के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और क्रुणाल पंड्या को मिल सकता है मौका


क्रुणाल पंड्या ने बड़ौदा के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में ऑलराउंड प्रदर्शन किया. वे इस सीजन में बड़ौदा के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उन्होंने 5 मैच में 129 से ज्यादा की औसत से 388 रन बनाए. (krunal pandya/twitter)

भारत और इंग्लैंड के बीच 23 मार्च से पुणे में शुरू होने वाली तीन वनडे की सीरीज के लिए कर्नाटक के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा (Prasidha Krishna)और बड़ौदा के ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या (Krunal Pandya) को भारतीय टीम में चुना जा सकता है.

नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी20 की सीरीज (India vs England T20 Series) अहमदाबाद में खेली जा रही है. सीरीज का आखिरी मैच 20 मार्च को खेला जाएगा. इसके बाद दोनों देशों के बीच तीन वनडे की सीरीज (Ind vs Eng ODI Series) भी खेली जाएगी. इसके लिए जल्द ही वनडे टीम चुनी जाने की संभावना है. इस सीरीज के लिए टीम इंडिया में कुछ नए चेहरों के शामिल होने की उम्मीद की जा रही है. इसमें कर्नाटक के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा (Prasidha Krishna) और क्रुणाल पंड्या (Krunal Pandya) का नाम सबसे आगे है. दोनों खिलाड़ियों ने हाल ही खत्म हुए घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी(Vijay Hazare Trophy) में अच्छा प्रदर्शन किया था. क्रिकबज के मुताबिक, इन दो खिलाड़ियों को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में मौका दिया जा सकता है.

प्रसिद्ध ने विजय हजारे ट्रॉफी में कर्नाटक की ओर से खेलते हुए 7 मैच में 22.2 की औसत से 14 विकेट लिए थे. वो इस सीजन में अपनी टीम की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी रहे थे. उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत ही कर्नाटक इस सीजन में टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचीं थी. हालांकि, सेमीफाइनल में उसे मुंबई ने 72 रन से हराया था. सेमीफाइनल मैच में भी प्रसिद्ध ने तीन विकेट झटके थे. वहीं, दूसरी ओर क्रुणाल पंड्या ने भी अपनी टीम बड़ौदा के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में ऑलराउंड प्रदर्शन किया. वे इस सीजन में बड़ौदा के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उन्होंने 5 मैच में 129 से ज्यादा की औसत से 388 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने दो शतक और दो अर्धशतक भी लगाए. वहीं, पंड्या ने पांच विकेट भी लिए.

शॉ और पडिक्कल को मौका मिलने की संभावना कम
इन दो खिलाड़ियों के अलावा देवदत पडिक्कल (Devdutt Padikkal) और पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) पर भी सेलेक्टर्स की नजरें होंगी. शॉ की कप्तानी में मुंबई ने इस साल विजय हजारे ट्रॉफी जीती है. शॉ इस टूर्नामेंट के इतिहास में किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने. उन्होंने 8 मैच में 165 से ज्यादा की औसत से 827 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 4 शतक और एक अर्धशतक भी लगाए. उनकी तरह कर्नाटक के ओपनर पडिक्कल का बल्ला भी खूब बोला. उन्होंने 7 मैच में 147 से ज्यादा की औसत से 737 रन बनाए. उन्होंने सातों मैच में 50 या उससे ज्यादा रन बनाए. हालांकि, शिखर धवन, केएल राहुल, रोहित शर्मा और शुभमन गिल की मौजूदगी में इन्हें मौका मिलने की संभावना कम है. ऐसा इसलिए भी नजर आ रहा है क्योंकि रोहित शर्मा वनडे सीरीज के लिए शायद ही आराम करेंगे.बता दें कि दोनों टीमों के बीच तीनों वनडे 23, 26 और 28 मार्च को पुणे में ही खेले जाएंगे और कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से स्टेडियम में दर्शकों की एंट्री नहीं होगी.








Source link