शिखर धवन टी20 में 8 हजार से अधिक रन बना चुके हैं.
शिखर धवन (Shikhar Dhawan) पहले टी20 (India vs England) में सिर्फ 4 रन बना सके थे. इसके बाद उन्हें दूसरे टी20 से बाहर कर दिया गया था. उनकी जगह ईशान किशन (Ishan Kishan) को मौका दिया गया था.
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव (Kapil Dev) ने हालांकि सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा, लेकिन इशारों में यह बात साफ कर दी है कि शिखर धवन को शायद ही अब मौका मिले. कपिल देव प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के बोर्ड मेंबर में शामिल होने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे. इस दौरान उनसे इशान किशन और शिखर धवन के प्रदर्शन को लेकर सवाल हुए. इस पर उन्होंने कहा कि, वो क्रिकेट पर नहीं बल्कि सिर्फ गोल्फ पर बात करेंगे. उन्होंने मजेदार बात यह कही कि वे शिखर धवन को फोन करेंगे और कहेंगे कि वो भी आएं और मेरे साथ गोल्फ खेलें. धवन को लेकर इतनी बातें इसलिए भी हो रही हैं, क्योंकि अभी रोहित शर्मा भी नहीं खेल रहे हैं. ऐसे में उनके आने पर ओपनर के लिए लड़ाई और तेज हो जाएगी. दूसरे टी20 में ईशान किशन और केएल राहुल ने ओपनिंग की थी. हालांकि राहुल पहले दो मैच में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके हैं. लेकिन टी20 में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार है.
धवन अंतिम 5 पारियों में दो अर्धशतक लगा चुके हैंशिखर धवन भले ही पहले टी20 में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हों, लेकिन टी20 में उनका रिकॉर्ड अच्छा है. अंतिम 5 टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो उन्होंने दो पारियों में अर्धशतक लगाया है. टी20 इंटरनेशनल के 65 मैच में उन्होंने 28 की औसत से 1673 रन बनाए हैं. 11 अर्धशतक भी लगाया है. उनके ओवरऑल टी20 के रिकॉर्ड को देखें ताे उन्होंने 284 मैच में 32 की औसत से 8102 रन बनाए हैं. 2 शतक और 60 अर्धशतक लगाए हैं.