इंदौर-बैतूल हाईवे पर फूड ऑयल का टैंकर पलटने के बाद तेल लूटने की मची होड़.
मध्य प्रदेश के देवास में हाईवे पर एक कार चालक को बचाने के दौरान फूड ऑयल का टैंकर पलट गया. पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती, उससे पहले टैंकर से तेल लूटने की होड़ मच गई. इसका वीडियो वायरल हो रहा है.
यह दुर्घटना हाटपिपल्या थाना क्षेत्र की है, जहां टैंकर से तेल निकालकर ले जाने वालों की वजह से हाईवे पर जाम भी लग गया. पुलिस की मौजूदगी में भी लोग टैंकर से बेधड़क तेल निकाल कर ले जा रहे थे. यही नहीं, सड़क से गुजरने वाले अन्य लोग भी इस लूट में शामिल थे. जिसे जो भी बर्तन या सामान मिल रहा था, वह उसमें तेल भरकर ले जा रहा था. वीडियो में आप तेल लूटने में जुटे लोगों की बातचीत भी सुन सकते हैं. साथ ही लोगों में मची आपाधापी भी देखने लायक है कि वे किस तरह दौड़-दौड़कर टैंकर से तेल निकालने की कोशिश कर रहे हैं.
इंदौर-बैतूल हाईवे पर काफी देर तक इस वजह से जाम लगा रहा. वाहन सवारों को इस दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी ऑयल टैंकर से तेल लूटने के लिए पहुंचे लोग मानने को तैयार नहीं थे. वीडियो में आप देख सकते हैं कि 100 डायल से जुड़े पुलिस के जवानों की मौजूदगी में भी लोग टैंकर से तेल निकाल कर ले जा रहे हैं. बहरहाल, टैंकर से तेल लूट रहे लोगों की भीड़ को किसी तरह पुलिस ने हटवाया, तब जाकर हाईवे का जाम खुला और यातायात सुचारू हो सका.