शाजापुरकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
- दो दिन बंद रहने के बाद तीसरे दिन बाजार खुलते ही बढ़ जाती है भीड़, इसलिए लेना पड़ा निर्णय
सप्ताह में दो दिन रहने वाले लॉकडाउन की व्यवस्था में इस सप्ताह से ढील रहेगी। शनिवार के दिन रहने वाला लॉकडाउन पर रोक लगा दी हैै। वहीं रविवार के दिन भी पूरे जिले की नगरीय निकायों को बंद करने के बजाए सिर्फ शाजापुर व शुजालपुर दोनों शहरों को ही बंद रखा जाएगा। पूरे जुलाई में शाजापुर शहर शनिवार व रविवार सप्ताह में दो दिन पूरी तरह से बंद रहा। पिछले सप्ताह से प्रशासन ने अधिकृत रूप से बंद घोषित कर दिया। हालांकि दो दिन बाद सोमवार को बाजार खुलते ही बड़ी संख्या में लोग दुकानों पर पहुंचे। सोशल डिस्टेंस से लेकर बचाव के मापदंडों काे लोगों ने भूला दिया। इधर, अगस्त से राज्य स्तर से भी कुछ छूट बढ़ाई जाना है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने भी सप्ताह में दो दिन रहने वाला लॉकडाउन बंद कर दिया।
इसलिए लेना पड़ा यह निर्णय
शनिवार व रविवार को लगातार दो दिन लॉकडाउन रहने से छूट मिलते ही सोमवार को बाजारों में ज्यादा भीड़ उमड़ती है। यानी दो दिन बंद रखकर संक्रमण की चेन तोड़ने की कोशिशों पर सोमवार को लोग पानी फेर देते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए लॉकडाउन बंद करने का निर्णय लिया।
सिर्फ दो शहर में लॉकडाउन रहेगा
कलेक्टर दिनेश जैन के मुताबिक शनिवार को लॉकडाउन इस बार नहीं रहेगा। रविवार को भी सिर्फ शाजापुर व शुजालपुर शहरी क्षेत्र को ही लॉकडाउन रखा जाएगा। इन दोनों शहरों में दुकानें बंद रखने के साथ ही इस दिन लोगाें का भी घरों से बाहर निकलना प्रतिबंधित रहेगा।
शाजापुर व शुजालपुर में एक-एक संक्रमित मिला
गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में जिले में दो नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इन्हें मिलाकर जिले में अब कुल 283 पॉजिटिव मरीज हो गए हैं। गुरुवार को मिले नए पॉजिटिव मरीजों में शाजापुर के वार्ड 3 जबरन कॉलोनी के 23 वर्षीय युवक एवं शुजालपुर के ग्राम डबरी निवासी 38 वर्षीय पुरुष के सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में अब तक 225 मरीजों को निगेटिव रिपोर्ट आने पर डिस्चार्ज किया गया है। जिले में अब तक 4 मरीजों की मृत्यु हुई है। इस प्रकार अब जिले में 54 एक्टिव केस हैं। इनमें शाजापुर एवं शुजालपुर में 25-25 और जिले से बाहर 4 मरीज उपचाररत हैं।
0