बड़वानी में पहाड़ से टकराई बस: 60 सीटर बस में थे 150 से ज्यादा लोग; नशे में धुत ड्राइवर कूदा, दूसरे ने स्टीयरिंग मोड़ी, नहीं तो खाई में गिर जाती

बड़वानी में पहाड़ से टकराई बस: 60 सीटर बस में थे 150 से ज्यादा लोग; नशे में धुत ड्राइवर कूदा, दूसरे ने स्टीयरिंग मोड़ी, नहीं तो खाई में गिर जाती



  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Khandwa
  • Bus Carrying Laborers From UP To Pune Collides With Mountain In Chindi Valley, 13 Laborers Injured, Two Serious

Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

बड़वानी11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
  • पलसूद से राजपुर के बीच हुआ हादसा, 13 घायल, दो गंभीर
  • लोगों का आरोप- महाराष्ट्र में लॉकडाउन के डर से घरों पर जा रहे मजदूर
  • लोगों ने कहा- ओवरलोडिंग और लापरवाही से हुआ हादसा

मजदूरों से भरी बस गुरुवार दोपहर करीब साढ़े चार बजे चिंदी घाटी में बस पहाड़ी से टकरा गई। हादसे में 13 लोग घायल हो गए, जिनमें दो गंभीर हैं। यात्रियों के मुताबिक हादसे वक्त ड्राइवर नशे में धुत था। चिंदी घाटी में बस लहराई, तो ड्राइवर कूद गया। करीब 100 मीटर तक बस बिना ड्राइवर ही चलती रही। गनीमत रही कि दूसरे ड्राइवर ने गाड़ी की स्टीयरिंग मोड़ दी और बस पहाड़ी से टकरा कर रुक गई। नहीं तो बस गहरी खाई में गिर जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। 60 सीटर बस में करीब 150 से ज्यादा यात्री सवार थे। ड्राइवर ने मजदूरों से मनमाना किराया और लगेज के पैसे भी अलग से लिए।

महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण मजदूरों को लॉकडाउन की आशंका सता रही है। इसके चलते मजदूरों की वापसी शुरू हो गई है। मध्यप्रदेश व महाराष्ट्र के बीच बसों की आवाजाही पर रोक है, लेकिन मुंबई-आगरा हाइवे पर कार्रवाई से बचने के लिए चालक गांवों व नगरों के रास्ते होकर आवाजाही कर रहे हैं।

गुरुवार को सिटीजन ट्रैवल्स की बस MP07 P 0855 में 150 से ज्यादा मजदूर पुणे से कानपुर और इटावा जा रहे थे। बस के दूसरे ड्राइवर रामजीत यादव ने बताया, मैंने रात में बस चलाई थी। मैं खाना खाकर सो गया था। बस दूसरा ड्राइवर चला रहा था। यात्रियों के शोर मचाने पर नींद खुली, तो देखा बस खाई के पास लगी रेलिंग से टकराने वाली थी। ड्राइवर को न देखकर मैंने बस स्टीयरिंग पहाड़ की ओर मोड़ दी। इसके बाद बस पहाड़ से टकराकर रुक गई। केबिन में बैठे 13 यात्रियों को चोट आई है। अन्यथा बस खाई में गिरने पर बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

कोच में दो की जगह, बैठाए थे 8 यात्री
बस के एक कोच में अधिकतम दो व्यक्ति बैठक सकते हैं। बावजूद कोच में 8 यात्री बैठा रखे थे। घटना के बाद राजपुर एसडीएम वीरसिंह चौहान, टीआई अजय राजोरिया, पलसूद पुलिस मौके पर पहुंची। बस को थाने पहुंचाने के लिए क्रेन बुलाई थी।

लॉकडाउन की आशंका, इसलिए लौट रहे घर
मजदूर अरविंद निवासी कानपुर ने बताया, महाराष्ट्र में लॉकडाउन लगने की आशंका है। इसके चलते लॉकडाउन लगने से पहले घर लौटना चाहते थे। बस चालक ने प्रत्येक यात्री से 3000 रुपए किराया लिया। वहीं, 18 रुपए प्रति किलो लगेज चार्ज वसूला है। ढाबे पर बस चालक शराब पी रहा था। बस के गियर भी अटक रहे थे। चिंदी घाट उतरने के दौरान चालक न्यूट्रल कर बस चला रहा था। बस लहराने पर चालक कूद गया। 100 मीटर तक बस बिना चालक के चलती रही। बस लहराने पर यात्रियों ने शोर मचाया। इसके बाद दूसरे ड्राइवर ने बस का स्टेयरिंग पहाड़ी की ओर मोड़ दिया। वर्ना बस खाई में गिर जाती।

मुंबई से इंदौर जा रही 4 बस जब्त
घटना के बाद राजस्थान की बस आरजे 06 पीए 5341 को पलूसद पुलिस ने उपला फाटे पर पकड़ा। बस में 150 से 200 यात्री सवार थे। पुलिस ने बस को सेंधवा रवाना किया। वहीं, आरटीओ ने मुंबई से इंदौर जा रही 4 बसों को जब्त किया है। जिला परिवहन अधिकारी एनएल गामड़ ने बताया ये बसें सेंधवा से पलसूद, राजपुर, जुलवानिया होकर इंदौर जाने का प्रयास कर रही थी। इस कारण सेंधवा चेक पोस्ट के अमले ने बसों को जब्त किया है।

महाराष्ट्र में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के चलते प्रदेश सरकार ने महाराष्ट्र में बसों के आने-जाने पर रोक लगाई है। दो दिन पहले भी रात में 4 बसे पुणे से इंदौर की ओर गई थी। बावजूद अफसरों की अनदेखी के चलते बिजासन घाट से सेंधवा, पलसूद, राजपुर होकर बसें इंदौर की ओर जा रही हैं। वहीं, बुधवार को जिला मुख्यालय पर आए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मीडिया ने बसों के संचालन को लेकर सवाल किया था। लेकिन उन्होंने इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया था।

खबरें और भी हैं…



Source link