भारत और इंग्लैंड (Ind vs Eng) के बीच आज पुणे में तीन वनडे की सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा.
India vs England 2nd ODI: भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच दूसरा वनडे पुणे (Pune) के एमसीए स्टेडियम में आज खेला जाएगा. भारत ने पहला मैच 66 रन से जीता था.
नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे की सीरीज (Ind vs England ODI Series) का दूसरा मुकाबला आज खेला जाएगा. पहले वनडे में 66 रन से मिली जीत के बाद भारत सीरीज में 1-0 से आगे है. अगर टीम इंडिया आज का मैच भी जीतने में सफल रहती है तो घर में इंग्लैंड के खिलाफ लगातार छठी द्विपक्षीय सीरीज जीत लेगी. भारतीय टीम ने 2006 में घरेलू सीरीज में इंग्लैंड को 5-1 से हराया था. इसके बाद से इंग्लैंड के खिलाफ लगातार पांच वनडे सीरीज जीती है. हालांकि, पहले वनडे में श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के बाद टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव होगा. उनकी जगह प्लेइंग-11 में सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को मौका मिल सकता है.
मौसम का हाल: पुणे में शुक्रवार के मौसम की बात करें तो दिन में तापमान करीब 32 डिग्री के आसपास रहेगा. दिन के वक्त हवा की रफ्तार 22 किमी प्रति घंटा रह सकती है. वहीं, शाम के वक्त तापमान लुढ़ककर 28 डिग्री तक आ सकता है. वहीं, ओस की संभावना है. अगर शाम के वक्त ड्यू रहती है तो फिर बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को इसका फायदा मिल सकता है. फैंस के लिए अच्छी खबर है कि बारिश की आशंका न के बराबर है. ऐसे में पूरे 100 ओवर का खेल देखने को मिल सकता है.
पिच रिपोर्ट: पुणे का विकेट बल्लेबाजी के अनुकूल है. पहले वनडे में ये नजर भी आया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 तो इंग्लैंड ने टारगेट का पीछा करते हुए 251 रन बनाए थे. मैच में कुल 6 अर्धशतक लगे थे. शुरू में इस पिच से तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है. लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा बल्लेबाजी थोड़ी आसान हो जाएगी. इस पिच से स्पिनर्स को भी मदद मिलेगी. इस मैदान पर अब तक पांच वनडे हुए हैं. इसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम तीन मौकों पर जीती है, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम की झोली में दो बार जीत आई है.TOP 10 Sports News: ऋषभ पंत होंगे दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान! इंग्लैंड की कमान जोस बटलर के पास
बड़ी खबर: जिस नियम से नाराज थे विराट कोहली और टीम इंडिया, अब ICC उसे बदलने वाली है!
इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए औसत स्कोर 296 रहा है. इसका मतलब पहले बल्लेबाजी करते हुए यहां अक्सर बड़े स्कोर खड़े होते हैं. हालांकि, विकेट एक जैसा खेलता है. ऐसे में बाद में बल्लेबाजी करना भी बहुत मुश्किल नहीं होगा. पिछले मैच में इंग्लैंड ने इसे दिखाया भी था. इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों ने पहले वनडे में 14.2 ओवर में 135 रन जोड़े थे.