नई दिल्ली: पूर्व भारतीय बल्लेबाज एस बद्रीनाथ ने रविवार को कहा कि वह कोविड-19 जांच में पॉजिटिव आए हैं और इस समय घर में क्वारंटीन हैं, जिससे वह पिछले दो दिनों में ‘रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज टूर्नामेंट’ में संक्रमित होने वाले तीसरे पूर्व भारतीय क्रिकेटर बन गए.
एस बद्रीनाथ हाल ही में रायपुर में आयोजित वेटरंस टूर्नामेंट में खेले थे, उनसे पहले शनिवार को महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और पूर्व भारतीय ऑलराउंडर यूसुफ पठान भी कोविड-19 पॉजिटिव आए थे. बद्रीनाथ ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा, ‘मैं सभी जरूरी एहतियात बरत रहा था और नियमित रूप से टेस्ट करवा रहा था. फिर भी मैं कोविड-19 पॉजिटिव आया और मुझे कुछ हल्के लक्षण हैं.’
बद्रीनाथ ने 2018 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की थी. उन्होंने कहा, ‘मैं सभी प्रोटोकॉल का पालन करूंगा और घर पर ही सभी से अलग रह रहा हूं और अपने डॉक्टर की सलाह के अनुसार काम कर रहा हूं.’
देश में कोविड-19 के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिसमें शनिवार को ही 62,714 नये मामले सामने आए थे. शनिवार को सचिन तेंदुलकर और यूसुफ पठान ने अपने कोविड-19 पॉजिटिव आने की घोषणा की थी.