मोहम्मद अजहरुद्दीन ने ऋषभ पंत पर बड़ी बात कह दी (PIC : AP)
आईपीएल 2021 में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगे ऋषभ पंत (Rishabh Pant), पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन (Mohammed Azharuddin) ने कहा कि बाएं हाथ का ये विकेटकीपर-बल्लेबाज एक दिन टीम इंडिया की कप्तानी का दावेदार भी होगा.
अजहरुद्दीन ने ट्वीट कर पंत की तारीफ की और लिखा, ‘पिछले कुछ हफ्ते ऋषभ पंत के लिए बेहतरीन रहे और उन्होंने तीनों फॉर्मेट में खुद को स्थापित किया. अगर पंत को चयनकर्ता भविष्य में टीम इंडिया के कप्तान के तौर पर देखें तो इसमें हैरानी नहीं होनी चाहिए. पंत का आक्रामक खेल आने वाले वक्त में टीम इंडिया को काफी फायदा पहुंचाएगा.’
पॉन्टिंग को भी पंत से उम्मीदें
दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच रिकी पॉन्टिंग को भी ऋषभ पंत से काफी उम्मीदें हैं. उनका मानना है कि कप्तान बनने के बाद पंत का खेल और निखरेगा. पॉन्टिंग ने ये भी कहा कि हाल ही में अच्छे प्रदर्शन ने पंत का आत्मविश्वास बढ़ाया है जो कि बतौर कप्तान उनके काम आएगा.
अजहरुद्दीन को ऋषभ पंत से काफी उम्मीदें
दिल्ली कैपिटल्स के सामने है बड़ी चुनौती
बता दें ऋषभ पंत कप्तान बनने के साथ-साथ दिल्ली कैपिटल्स को श्रेयस अय्यर के बाहर होने से बड़ा झटका लगा है. श्रेयस अय्यर पिछले दो सीजन में तीसरे या चौथे नंबर पर अच्छी बल्लेबाजी करते थे लेकिन अब उनके बाहर होने से ये जिम्मेदारी कौन संभालेगा ये देखने वाली बात होगी. अय्यर की तरह चौथे नंबर पर कौन तेजी से रन बनाएगा, इसके लिए दिल्ली कैपिटल्स मैनेजमेंट को काफी सोच-समझकर फैसला लेना होगा.