Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपाल3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
गांधी मेडिकल कॉलेज के नए डीन होगे डॉ. जतिन शुक्ला, भोपाल संभागायुक्त कवीन्द्र कियावत ने आदेश जारी किए।
- आयुक्त कवीन्द्र कियावत ने आदेश जारी किए, एमपी टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष को मेडिकल कॉलेज शहडोल भेजा
कोरोना काल में बेड की संख्या बढ़ाने की तैयारियों के बीच गांधी मेडिकल कॉलेज में बड़ा बदलाव हुआ है। डीन डॉ. अरुणा कुमार को हटा दिया गया है। उनकी जगह अब ऑर्थोपेडिक्स विभाग के प्राध्यापक डॉ. जतिन शुक्ला जीएमसी काे नया डीन बनाया गया है। इस संबंध में भोपाल संभागायुक्त कवीन्द्र कियावत ने आदेश जारी किए। इसके अलावा मेडिसिन विभाग के प्राध्यापक डॉ. केके कावरे को छिदवाड़ा और एमपी टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संजीव गौर को शहडोल मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। बता दें कोरोना मरीजों के लिए बेड बढ़ाने को लेकर मेडिसिन विभाग और डीन कार्यालय के बीच लंबे समय खींचतान चल रही थी। जबकि प्रशासन बेड की संख्या बढ़ाने के लिए लगातार निर्देश जारी कर रहा था। चर्चा है कि इसी विवाद के चलते दोनों को हटाया गया है।
अरुणा कुमार कॉलेज में ही देंगी सेवाएं
आदेश में लिखा गया कि डॉ. अरुणा कुमार विभागाध्यक्ष स्त्री विशेषज्ञ को प्रशासकीय कार्य सुविधा की दृष्टि से जीएमसी के डीन/मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वशासी गांधी चिकित्सा महाविद्यालय भोपाल के पद प्रभार से मुक्त किया जाता है। उनकी जगह पर डॉ. जतिन शुक्ला प्राध्यापक ऑर्थोपेडिक्स विभाग जीएमसी को डीन/मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वशासी गांधी मेडिकल कॉलेज के पद का प्रशासकीय एवं वित्तीय प्रभार अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक सौंपा जाता है। आदेश के अनुसार डॉ. अरुणा कुमार पूर्ववत विभागाध्यक्ष स्त्री रोग विशेषज्ञ कॉलेज में दायित्यों का निर्वहन करती रहेंगी।
एमपी टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष का भी हटाया
इसके अलावा गांधी मेडिकल कॉलेज से एमपी टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और अस्थि रोग विभाग के प्राध्यापक डॉ. संजीव गौर को भी शहडोल मेडिकल कॉलेज प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया। उनको मंगलवार दोपहर में ही नवीन पदस्थापना के लिए भार मुक्त भी कर दिया गया। इस संबंध में डीन ने आदेश जारी किए।
डॉ. कावरे की सेवाएं वापस करने का विरोध
इधर जीएमसी से मेडिसिन विभाग के प्राध्यापक डॉक्टर केके कावरे की सेवाएं वापस चिकित्सा महाविद्यालय छिदवाड़ा कर दी गई। कावरे प्रतिनियुक्ति पर जीएमसी भोपाल में पदस्थ थे। उनको आदेश के साथ ही नवीन पदस्थापना के लिए भारमुक्त भी कर दिया गया। डॉ. कावरे की जगह पर रिक्त पद का प्रभार डॉ. सिमी दुबे प्राध्यपक मेडिसिन विभाग को तत्काल प्रभाव से सौंपा दिया गया। इस आदेश के बाद मेडिसिन विभाग के स्टाफ ने डीन कार्यालय में डॉ. कावरे को छिदवाड़ा मेडिकल कॉलेज भेजने पर विरोध जताया।