IPL: RCB को चैम्पियन बना सकते हैं ये स्टार खिलाड़ी, जानें किन पर दांव लगाएंगे Virat Kohli

IPL: RCB को चैम्पियन बना सकते हैं ये स्टार खिलाड़ी, जानें किन पर दांव लगाएंगे Virat Kohli


नई दिल्ली: विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) टीम 9 अप्रैल को पांच बार की IPL चैम्पियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ IPL 2021 का आगाज करने वाली है. बता दें कि विराट कोहली (Virat Kohli) की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) टीम अबतक एक भी बार आईपीएल का खिताब जीतने में नाकाम रही है. इस बार रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने ग्लेन मैक्सवेल, काइल जैमीसन जैसे धुरंधर खिलाड़ियों को मौका दिया है. 

तैयार हैं रन मशीन कोहली

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की टीम इस बार चैम्पियन बनने का लंबा इंतजार खत्म करना चाहेगी. पिछली बार यूएई में आरसीबी ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन एलिमिनिटेर में बाहर हो गई थी. इस बार आरसीबी की बल्लेबाजी काफी मजबूत नजर आती है. रन मशीन कोहली का आईपीएल में शानदार रिकॉर्ड रहा है. कोहली पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह पारी की शुरुआत करेंगे.

डिविलियर्स और मैक्सवेल करेंगे धमाका 

युवा विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद अजहरूद्दीन और न्यूजीलैंड के फिन एलेन तेजी से रन बनाने में सक्षम हैं, जबकि डिविलियर्स और मैक्सवेल जैसे अनुभवी खिलाड़ी मिडिल ऑर्डर को संभालेंगे. डेनियल क्रिश्चियन और वॉशिंगटन सुंदर उनकी बल्लेबाजी को मजबूती प्रदान करते हैं. आरसीबी का मजबूत पक्ष उसका स्पिन विभाग भी है. उसे अपने अधिकतर मैच चेन्नई और अहमदाबाद के स्पिनरों के लिए मददगार विकेट पर खेलने हैं और ऐसे में आईपीएल में हमेशा सफल रहने वाले युजवेंद्र चहल उसके लिए तुरुप का इक्का होंगे.

ये स्पिनर्स हैं RCB की ताकत 

वॉशिंगटन सुंदर पिछली बार की तरफ फिर से पावरप्ले में जिम्मेदारी संभाल सकते हैं. मैक्सवेल स्पिन विभाग में एक अच्छा विकल्प हैं, जबकि जरूरत पड़ने पर एडम जाम्पा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है. जैमिसन के टीम से जुड़ने के बावजूद आरसीबी का तेज गेंदबाज विभाग कमजोर नजर आता है. नवदीप सैनी और मोहम्मद सिराज को सफेद गेंद से गेंदबाजी का कम अनुभव है और वे अक्सर रन लुटा देते हैं.

डेनियल क्रिश्चियन होंगे ट्रम्प कार्ड 

जैमिसन भी टी20 में संघर्ष करते रहे हैं और उन्हें भारत में खेलने का अनुभव नहीं है. तेज गेंदबाजी विभाग में हर्षल पटेल तथा ऑस्ट्रेलियाई तिकड़ी डेनियल क्रिश्चियन, डेनियल सैम्स और केन रिचर्डसन अन्य विकल्प हैं. ऐसी स्थिति में आरसीबी के बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी उठानी होगी. उसके पास डिविलियर्स और मैक्सवेल जैसे ‘बिग हिटर’ हैं. मैक्सवेल की फॉर्म पर सभी की निगाह टिकी रहेगी. यदि वह कोहली और डिविलियर्स के साथ मिलकर अपना पूरा योगदान देते हैं, तो यह तिकड़ी किसी भी टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा बन जाएगी.

 





Source link