- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Chief Minister Shivraj Singh Chauhan Said Collector Should Ensure Investigation Of Persons Coming From Outside On Rakshabandhan
भोपाल16 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि रक्षाबंधन पर बाहर से आनेवाले लोगों की स्क्रीनिंग की पुख्ता व्यवस्था सभी जिला कलेक्टर सुनिश्चित करें
- क्वारैंटाइन सेन्टर्स पर भोजन, पानी तथा स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, जिससे यहाँ भर्ती लोगों को शिकायत का मौका नहीं मिले
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि रक्षाबंधन पर बाहर से आनेवाले लोगों की स्क्रीनिंग की पुख्ता व्यवस्था सभी जिला कलेक्टर सुनिश्चित करें। क्वारैंटाइन सेन्टर्स पर भोजन, पानी तथा स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, जिससे यहाँ भर्ती लोगों को शिकायत का मौका नहीं मिले। मुख्यमंत्री चिरायु अस्पताल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश में इस प्रकार की सतर्कता रखी जाये, जिससे किसी भी जिले में लॉकडाउन की स्थिति अब नहीं बने।
उन्होंने जबलपुर तथा राजगढ़ जिले की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि कोरोना से बचाव की सावधानियां जैसे मास्क पहनना, सैनेटाईजेशन और फिजिकल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन कराया जाये। उन्होंने अस्पतालों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये। बैठक में बताया गया कि जबलपुर में कोरोना से ग्रस्त हुए गंभीर बीमारियों के मरीज भी कोरोना से उबरे हैं। इनमें नुसरत परवीन दस दिन वेन्टीलेटर पर रहने के बाद भी कोरोना से मुक्त हुई। इसी प्रकार कैंसर से ग्रस्त बलराम जसवानी तथा हृदय रोग से पीड़ित रेवाराम ने भी कोरोना को परास्त किया।
एन्टीजेन टेस्ट की प्रक्रिया आरंभ
वीडियो कांफ्रेंस में बताया गया कि प्रदेश में कोरोना के रेपिड एन्टीजेन टेस्ट की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। प्रदेश में 31 जुलाई को 507 तथा एक अगस्त को 1021 टेस्ट किये गये। इससे कोरोना प्रभावित व्यक्तियों का त्वरित चिन्हांकन संभव होगा। इस कांफ्रेंस में सभी जिलों को कोरोना टेस्ट की सेम्पलिंग बढ़ाने और कोरोना प्रभावित व्यक्तियों की कान्टेक्ट हिस्ट्री को चिन्हित कर सम्पर्क में आये व्यक्तियों की जांच आदि की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिये गये। सभी जिलों में क्राईसेस मैनेजमेन्ट ग्रुप द्वारा कोरोना संक्रमण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा और प्रबंधन सुनिश्चित करने संबंधी जानकारी भी ली गई।
एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान ने जानकारी दी कि सभी जिलों में एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था है तथा कलेक्टर्स को आवश्यकता होने पर अतिरिक्त एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के लिये राशि भी उपलब्ध कराई गई। इसी तारतम्य में जानकारी दी गई कि प्रदेश में वेंटीलेटर सहित उपचार के लिये आवश्यक अन्य सभी मशीने पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं। बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि हमीदिया अस्पताल में कोरोना मरीजों के प्रबंधन की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है। भोपाल के एलएन मेडिकल कॉलेज, जे.के. मेडिकल कॉलेज, पीपुल्स मेडिकल कॉलेज में भी कोरोना उपचार की व्यवस्था आरंभ हो गई है।
0