TOP 10 Sports News: 5 अप्रैल की 10 बड़ी खबरें.
महाराष्ट्र में कोरोना के चलते नाइट कर्फ्यू लगा है. इसके बाद भी आईपीएल टीमों को मुंबई में रात 8 बजे के साथ प्रैक्टिस करने की इजाजत मिल गई है. ऐसे में अब खिलाड़ियों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी.
नई दिल्ली. महाराष्ट्र सरकार ने आईपीएल खिलाड़ियों को रात 8 बजे के बाद प्रैक्टिस करने की अनुमति दे दी है. इस फैसले के बाद कोविड-19 से बुरी तरह प्रभावित मुंबई में आईपीएल मैचों के आयोजन का रास्ता भी साफ हो गया है. मुंबई में नाइट कर्फ्यू लगा है. लेकिन खिलाड़ी इससे प्रभावित नहीं होंगे. इस बीच मुंबई इंडियंस के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक 9 अप्रैल को होने वाले ओपनिंग मैच में नहीं खेल सकेंगे. वे अभी क्वारंटाइन में हैं. 5 अप्रैल की TOP 10 Sports News इस तरह हैं:
महाराष्ट्र सरकार ने नाइट कर्फ्यू लगाया है. इसके बाद भी आठ बजे के बाद खिलाड़ियों को अभ्यास करने और टीमों को होटल तक आने की अनुमति दे दी गई है. बीसीसीआई के अधिकारी ने बताया कि टीमों के लिए सीसीआई (क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया) और एमसीए (मुंबई क्रिकेट संघ का स्टेडियम वानखेड़े) में दो सत्रों में दोपहर बाद 4 बजे से शाम 6 बजकर 30 मिनट और शाम 7 बजकर 30 मिनट से रात 10 बजे तक अभ्यास का समय निर्धारित किया गया है.
मुंबई इंडियंस के ओपनर बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक 9 अप्रैल को होने वाले ओपनिंग मुकाबले में नहीं खेल सकेंगे. वे 5 अप्रैल को पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलकर आए हैं. ऐसे में उन्हें 7 दिन तक क्वारंटाइन में रहना होगा.
पंजाब किंग्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस अनिल कुंबले ने टीम के युवा बल्लेबाज शाहरुख खान की तारीफ की है. उन्होंने कहा कि शाहरुख में उन्हें वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कायरान पोलार्ड की झलक नजर आती है. कुंबले मुंबई इंडियंस के नेट्स में पोलार्ड को गेंदबाजी कर चुके हैं और उनका मानना है कि शाहरुख के अंदर भी कैरेबियाई ऑलराउंडर जैसी काबिलियत है.
युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को प्रतिभावान माना जाता है. लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने खुलासा किया कि आईपीएल के पिछले सीजन में जब वह खराब दौर से गुजर रहे थे, तो उन्होंने नेट्स पर बल्लेबाजी से इनकार कर दिया था. पोंटिंग ने साथ ही उम्मीद जताई कि इस बल्लेबाज ने लीग के आगामी सीजन से पहले बेहतरी के लिए अपनी ट्रेनिंग आदतों में सुधार किया होगा.
बीसीसीआई की भ्रष्टाचार रोधी इकाई (एसीयू) के नए प्रमुख शब्बीर हुसैन शेखदम खंडवावाला नहीं चाहते कि भारत में सट्टेबाजी को वैध किया जाए. इससे मैच फिक्सिंग को बढ़ावा मिलेगा और उनका मानना है कि उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती छोटी लीग से ‘संदेहात्मक गतिविधियों’ को खत्म करना है.
केकेआर के शुभमन गिल का मानना है कि ‘स्ट्राइक-रेट’ एक तरह से ‘ओवररेटिड’ (जिसे बढ़ाचढ़ा कर पेश किया जाए) चीज है. उनका कहना है कि बल्लेबाज की सबसे मजबूत चीज एक निश्चित बल्लेबाजी शैली के बिना विभिन्न परिस्थितियों में खुद को ढालना होती है.
स्पेनिश फुटबॉल क्लब एटलेटिको मैड्रिड को ला लिगा के एक मुकाबले में सेविला से 0-1 से हार मिली. हालांकि टीम अभी भी अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है. एटलेटिको मैड्रिड की हार से रियल मैड्रिड और बार्सिलोना खिताब की रेस में बने हुए हैं. एटलेटिको मैड्रिड ने 10 बार ला लिगा का खिताब जीता है.
मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना को उनके घर में कड़ी टक्कर देने को लेकर आश्वस्त भारतीय हॉकी टीम के उपकप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि इस दक्षिण अमेरिकी देश के दौरे से खिलाड़ी टोक्यो ओलंपिक के लिए लय हासिल करने की कोशिश करेंगे. छह मैचों के दौरे के लिए 22 सदस्यीय भारतीय टीम पिछले सप्ताह ब्यूनस आयर्स पहुंची है. इस दौरे पर भारतीय टीम चार अभ्यास मैचों के बाद अर्जेंटीना के खिलाफ 11 और 12 अप्रैल को प्रो लीग के दो मैच खेलेगी.
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के महासचिव राजीव मेहता ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन से टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के कोरोना वायरस के लिए टीकाकरण में तेजी लाने का आग्रह किया.ओलंपिक में अब लगभग साढ़े तीन महीने का समय बचा है और ऐसे में मेहता ने हर्षवर्धन को तीन फरवरी को किए गए अनुरोध की याद दिलाई.
भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए अप्रैल और मई में होने वाले सभी घरेलू टूर्नामेंट को स्थगित करने का फैसला किया है. इस महीने बेंगलुरू में 18 से 25 अप्रैल तक सीनियर रैंकिंग टूर्नामेंट का आयोजन होना था.